आध्यात्मिक प्रत्यक्ष ज्ञान · ऐप में खोलें

प्रश्नोत्तर P13-0060 · भाग 13

गुरुदेव, ध्यान में ध्यान कैसे करना है? जब से मैं यहां आया हूं और आपने मुझे बताया, तब से ध्यान में ध्यान हो नहीं पा रहा; पहले विधियां करता था, उनसे कोई लाभ नहीं मिला।

ध्यान कहां घटित होता है, पहले यह समझना है। ध्यान 'चाहिए' में घटित होता है — भूख लगी तो भोजन में, प्यास लगी तो पानी में, नींद आई तो नींद में। हमारी जरूरतों में ध्यान घटित हो रहा है, और उन जरूरतों में हमने बेईमानी कर दी है, इसीलिए हम तकलीफ में आ गए। अब हम इससे निकलना चाहते हैं — ध्यान करके। लेकिन क्या ध्यान करके फंसे हैं? नहीं, कर्म करके। तो ध्यान में ध्यान कैसे करना है? कर्म करते हुए, हर काम करते हुए, सोते-जागते, उठते-बैठते यह देखना है कि क्या हो रहा है, क्या मैं कर रहा हूं। जैसे आंख बंद करके बैठ गए — दृश्य गया, शब्द नहीं सुनाई दे रहा, सुगंध नहीं, मुंह में कुछ नहीं, स्पर्श नहीं — तो पांचों इंद्रियों का बहिर्मुखी काम बंद हो गया, तो मन अचेतन मन में ले जाएगा, और अतीत में जितना भी कर्म किया है, उसे दिखाएगा। उसे देखते रहो। जहां भी राग-द्वेष उठ रहा है, उससे मैं कैसे निकलूं, उसके लिए भाव बनाओ। जैसे मशीन बिगड़ गई, तो खोजना पड़ेगा कि बिगड़ी कहां; बिगाड़ देख लोगे, तो समझ आ जाएगा कौन सा पार्ट लगाने से ठीक होगी। ध्यान सीधा मत करो, नहीं तो कर्ता का भाव आएगा; अपने आप को जांचो, अपनी कमियों को देखो — कमियों को देखने में समर्पण होता है, कर्ता का भाव प्रकट हो ही नहीं सकता। निर्णय मत करो कि यह अच्छा है, यह बुरा है, या 'यह मैं नहीं देखना चाहता' — अगर नहीं देखोगे, तो उससे निकल नहीं पाओगे; चाहे भयानक पीड़ा हो, बस देखते जाओ। पहले कमी देखोगे, तभी तो छुड़ा पाओगे। और जब किसी पॉइंट पर जाकर फंसोगे, तो जो योग्य गुरु है वह आपको मार्ग बताएगा; लेकिन पकड़ना तुम्हें पड़ेगा, क्योंकि यह आंतरिक यात्रा है — अंदर आपके कोई नहीं जा सकता, आप ही जा सकते हो। बातों से बात मत बनाइए, काम करिए; इसमें मेहनत लगेगी। आप आंख बंद करके बैठ जाते हो और ध्यान के बाद रिलैक्स उठते हो — काम करने के बाद आदमी थकता है कि रिलैक्स होता है? दो आदमी हों, एक बाहर काम कर रहा है, एक उसे देख रहा है — रिलैक्स तो देखने वाला होगा। मतलब आपने काम नहीं किया, बस चुपचाप बैठे रहे; शरीर का रिलैक्स तो सोने से भी हो जाता है। ध्यान में ध्यान करो — कहां-कहां फंसा हूं — तो अपने आप को थका हुआ पाओगे।

सत्संग वीडियो देखेंऐप में खोलें

वीडियो: ध्यान में ध्यान कैसे करें ? #योगी · 2026-07-03