आध्यात्मिक प्रत्यक्ष ज्ञान · ऐप में खोलें

प्रश्नोत्तर — भाग 23

योगी रविकांत जी (गुरु जी) के सत्संग वीडियो से 122 प्रश्नोत्तर। हर उत्तर के साथ वीडियो का लिंक।

महाराज जी, वाल्मीकि जी अगर उल्टा ही नाम जप रहे थे, लेकिन कुछ ना कुछ कर तो रहे थे ना — एकाग्रता के साथ कुछ कर रहे थे।

चाहे उल्टा कर रहे थे, लेकिन आप ये देखिए कि उन्होंने कर्म को पूरी तरह छोड़ दिया, तुरंत उसी जगह पर। आप यह नहीं देख पाए कि उन्होंने तुरंत कर्म को पूरी तरह छोड़ दिया? इस बात को भी तो देखिए। मूल — आप क्या करते हो, वह मायने रखता है। पता चला कि आप बेईमानी-दुष्कर्म कर रहे हो और ऊर्जा कहीं से इकट्ठा कर रहे हो, तो आपका क्या होगा? उस ऊर्जा को कहां लगाओगे? वहीं लगाओगे। ईमानदारी सत्कर्म करो, और उसको करते हुए कुछ करो। मूल को पकड़ो — गलती कहां हो रही है।

P23-0001 · वीडियो देखें

तो इसका मतलब महाराज जी, फिर उसके दो पक्ष हो गए — एक तो उन्होंने कर्म को छोड़ दिया, और दूसरा जप को अपनाया? यानी पहले वाले को पूरी तरह करके, उसे अपना आधार बनाकर, तब वे दूसरे वाले की तरफ गए?

वो पूरी तरह कर्म को छोड़ दिए, और 'कुछ नहीं चाहिए' में आ गए। इसमें आने के बाद कुछ भी मिल जाए, वह लेके अपना कल्याण कर लेगा, क्योंकि उसे अब कुछ चाहिए ही नहीं। और फिर बोलते हैं कि उनके शरीर पर दीमक तक लग गई थी। तो आप उनकी तुलना मत करिए। नाम मैंने ही बोला, इसलिए बोला कि आप समझिए। आप जहां बैठे हो, वहां का हाल यही है, क्योंकि मैं भी वहां कभी था; लेकिन मैं पूरी तरह समझकर यहां बैठा हूं। तुम्हें निकलने नहीं दूंगा, तुम्हारे हर प्रश्न का जवाब दूंगा — चाहे तुम भक्ति योग से जाओगे, चाहे ज्ञान योग से, चाहे ध्यान योग से, चाहे योग मार्ग से, कहीं से भी जाओगे, मैं तुम्हें जवाब दूंगा।

P23-0002 · वीडियो देखें

गुरु जी, वैसे तो जो बातें मैं उठा रहा हूं, वे संशय की श्रेणी में ही आती हैं।

ठीक है। हमारा काम है संशय मिटाना। अगर मैं आपका संशय नहीं मिटा पाऊं, और मिटाने के लिए आप तैयार हो, तो मुझे यहां नहीं बैठना चाहिए। आपका काम है संशय में प्रश्न करना, क्योंकि संशय आपके पास है; आपकी गलती भी नहीं, क्योंकि आप वहां हो। मेरा काम है आपके संशय को हटाना, बस आप तैयार रहो; आप तैयार नहीं रहोगे तो मैं भी कुछ नहीं कर सकता। तो कहने का मतलब यह है कि मूर्ति पूजा से लेकर विधियां तब सहायक बनेंगी जब आप ईमानदारी सत्कर्म अपनाओ। या तो पूरी तरह बैठ जाओ, तभी उठो जब उपलब्धि हो — ऐसे भी हो जाएगा। लेकिन आप कहिए कि नहीं, मैं कर्म करूंगा, और बेईमानी-दुष्कर्म के साथ विधियां अपनाओगे, तो आपका पतन के अलावा कुछ नहीं होगा, क्योंकि आपको ऊर्जा मिलेगी तो बेईमानी-दुष्कर्म और बढ़ जाएगा। राक्षसों ने भी देवी-देवताओं के दर्शन किए ना — उनका पतन हुआ, क्योंकि उनके अंदर बेईमानी थी, समाज को सताने के लिए ताकत चाहिए थी। तो यही हाल साधकों का हो रहा है — एक तरफ बेईमानी-दुष्कर्म कर रहे हैं, एक तरफ विधियां अपना रहे हैं, और पहले से ज्यादा भटक रहे हैं। आप अपना जीवन जांच लो — जब आप इस मार्ग में नहीं आए थे तब का देख लो, और जब से विधियां अपनाए हो तब से देख लो। मेन गलती यह हो गई कि विधियां देने वाले ने आपकी योग्यता नहीं जांची, और वह खुद योग्य नहीं था; आपको बोल नहीं पाया कि बेईमानी-दुष्कर्म छोड़ोगे तब मैं आपको दूंगा। आज लोग पंजीरी की तरह मंत्र बांट रहे हैं। पहले गुरु तब गुरु मंत्र देता था जब पूरी तरह जांच लेता था कि तुम्हें कुछ नहीं चाहिए।

P23-0003 · वीडियो देखें

गुरु जी, थोड़ी देर पहले आपने कहा था कि गुरु बारह बरस तक परीक्षण करते थे और उसके बाद मंत्र देते थे; तो ये आपकी ही बात का खंडन हो गया?

खंडन नहीं हुआ, उसे मैं समझाऊं। खंडन होता तो मैं बोलता ही नहीं; मैं जितना बोल रहा हूं, समझ है तभी बोल रहा हूं, और आपके भ्रम को तोड़ने के लिए ही बोल रहा हूं। यहां पर मैं कृष्ण और गीता की बात कर रहा हूं। जब हमें 'हरे कृष्णा' जपने के लिए बोला जाता है — क्या कृष्ण भगवान ने बोला कि अर्जुन, मेरा नाम जपो? नहीं, उन्होंने कर्म का सिद्धांत बताया। अर्जुन किस जगह खड़े थे? गृहस्थ जीवन में; उनका दायित्व था, जिम्मेदारी थी, कर्म करना बहुत जरूरी था, तो उन्होंने कर्म का सिद्धांत बताया। वाल्मीकि जी, ध्रुव जी — ये सब पूरी तरह छोड़ के निकल गए, तब उन्हें मंत्र दिया गया। देश-काल-स्थिति-परिस्थिति में तय करना होता है कि इसको क्या देना है। जब व्यक्ति अपने परिवार-समाज के साथ जीते हुए अपना कल्याण करना चाहता है, तो उसे कर्म का सिद्धांत बताया जाता है; और जब वह सब छोड़ के संन्यासी मार्ग पर चला जाता है कि अब मुझे कुछ नहीं चाहिए, तो उसे कोई भी नाम दे दिया — अब ये निकाल लेगा। देखिए, नारद जी ने पहले 'राम राम' बोला, नहीं निकला, 'मरा' निकला; बोले अच्छा, 'मरा' जप लो। तो मंत्र किसका हुआ? वाल्मीकि जी का। बस यह भाव की बात है — जो भाव उनके भीतर से निकला, उसी को पकड़ ले, और तेरा कल्याण तुरंत; बस भरपाई करना है पिछले कर्म का, क्योंकि तुझे कुछ नहीं चाहिए। आज गृहस्थों को मंत्र बांटा जा रहा है, इन्हें कर्म का सिद्धांत बताना था। अर्जुन 'मेरा' के मोह में भाग रहे थे, और वाल्मीकि जी समझ गए थे कि कुछ नहीं है, उनका मोह टूट गया था। तो गुरु साधक की स्थिति देखता है — कौन सा साधक है, कैसा आया है — और स्थिति-परिस्थिति देखते हुए मार्ग बताता है।

P23-0004 · वीडियो देखें

गुरु जी, जब बात शुरू हो रही थी तो मुझे लगा था कि आप साधना आदि का पूरी तरह निषेध कर रहे हैं, लेकिन अब लग रहा है कि निषेध सिर्फ इसलिए था कि अपरिपक्व व्यक्ति वैसा ना करे। दूसरा, आपने ध्यान का उदाहरण लेकर कहा था कि ध्यान करने वाला और जिसका ध्यान किया जा रहा है, वह बाहरी चीज हो गई; लेकिन वाल्मीकि जी 'मरा मरा' के रूप में ध्यान तो कर ही रहे थे — तो सहायता के लिए उसका उपयोग किया जा सकता है?

समझना — वाल्मीकि जी ने 'मरा मरा' को मुक्ति और मोक्ष के लिए पकड़ा; भाव था मुक्ति और मोक्ष का। तो किसी मंत्र को आप किस भाव से पकड़ते हो, वो मायने रखता है। अगर यह बात आपको पक्का है कि यह पत्थर मारने से आप निकल जाओगे, तो निकल जाओगे। पक्का आपको होना चाहिए। पहुंचना कहीं नहीं है, बस छूटना है; आपके अंदर तो है ही। आपने इसे पकड़ा किसके लिए? मुक्ति के लिए, मोक्ष के लिए। तो पीटते-पीटते आप इसमें हो जाओगे, और इससे तो कुछ नहीं चाहिए था, तो यह यहां छूटेगा और आप अपने आप में आ जाओगे — यही मुक्ति है। सारा खेल भाव का है।

P23-0005 · वीडियो देखें

तो गुरु जी, यह विश्वास की बात हुई?

विश्वास की बात नहीं। विश्वास तो प्रकृति की एक व्यवस्था है, प्रथम सीढ़ी है। यह आपके भाव की बात है, विश्वास की बात नहीं — यहां बस आप हो। विश्वास तो दो में होता है; एक में क्या विश्वास? यहां सिर्फ आप हो। तो यह बस भाव की बात है। अगर आपको पक्का हो गया कि यह खट-खट करने से मैं पहुंच जाऊंगा, तो ऐसे करने से आप पहुंच जाओगे; लेकिन यह पक्का आपको होना चाहिए, थोपा हुआ नहीं।

P23-0006 · वीडियो देखें

महाराज जी, प्रह्लाद के लिए खंभे में भगवान आए — ये तो अलंकारिक भाषा है, ऐसा होता तो नहीं?

ठीक है, मैं कह रहा हूं समझने के लिए, आप समझिए; आप उसे मत पकड़िए। हमारे सामने कहानी है, उससे हम क्या सीख के निकल जाते हैं — कहानी सही है या गलत है, उसमें नहीं जाना; हमें छूटना है। बचपन में मां कहती थी 'चंदा मामा, दूध पी ले', और हम पी लेते थे। क्या चंदा मेरा मामा है? दूध पिलाने का एक तरीका है। मां ना झूठ बोल रही थी ना सच बोल रही थी, दूध पिला रही थी तुम्हारे हित के लिए। तो यह सब आपका भ्रम कैसे टूटे, इसके लिए बोला जा रहा है। आप पूछोगे क्या सही है, क्या गलत — मैं कहूंगा दोनों नहीं हैं, क्योंकि दोनों हैं तो तुम नहीं हो। ना गलत है ना सही; उपयोग कर लो, निकल जाओ, सीधी सी बात। मैंने कभी कहा मुझ पर विश्वास कर? मैं तो आप लोगों से कहता हूं — इतना विश्वास करना कि मुझ पर कभी विश्वास ना करना। क्योंकि ज्ञान को समझना है और निकल जाना है; यह शरीर पहले नहीं था, बाद में नहीं रहेगा। ज्ञान लो, आगे बढ़ो — ये कभी धोखा नहीं देगा। और ज्ञान किसी का होता नहीं, जिसने समझा उसका हुआ। वही झूठ कभी सच होता है, वही सच कभी झूठ होता है — सब परिवर्तनशील है। सदुपयोग करो तभी निकल पाओगे; दुरुपयोग करना बंधन, सदुपयोग करना मुक्ति। बस इतनी सी बात है।

P23-0007 · वीडियो देखें

महाराज जी, आप वाला मंत्र काम करेगा — ईमानदारी?

ये तो मूल मंत्र है, ये मेरा मंत्र ही नहीं। यही तो मंत्र है निकालने के लिए, और निकाल के भी खत्म हो जाएगा। ईमानदारी आग है — जैसे आग सबको जलाती है, बाद में खुद बुझ जाती है, ऐसे ही एक समय ऐसा आएगा। सत्कर्म आपको और ताकत देता है, और फिर एक समय ऐसा आएगा सब जल जाएगा — ईमानदारी भी गई और सत्कर्म भी गया। मैं कह रहा हूं ईमानदारी सत्कर्म अपना लो, सब खत्म है; सीधा है, बहुत साफ-सुथरा है, ज्यादा सोचो नहीं। बस फैसला खुद को करना है — पक्का निकलना चाहते हो? जिस दिन कहोगे 'हां, पक्का निकलना चाहता हूं', उस दिन दुनिया की कोई ताकत रोक नहीं सकती; और जब तक पक्का नहीं करोगे, दुनिया की कोई ताकत निकाल नहीं सकती। कृष्ण भगवान ने दुर्योधन के लिए बहुत प्रयास किया, निकाल पाए? कंस मामा के लिए बहुत प्रयास किए, बाद में मारना पड़ा। अर्जुन निकल पाए, क्योंकि पहले अर्जुन ने 'कुछ नहीं चाहिए' का प्रयास किया; बाद में कृष्ण ने प्रयास किया। लेकिन पहले उन्होंने बहुत परीक्षा ली — जब पक्का हो गया कि अर्जुन को अब कुछ नहीं चाहिए, तब कर्म का सिद्धांत बताया।

P23-0008 · वीडियो देखें

गुरु जी, अभी माता जी की बात पर आपने कहा कि जब हम कभी पहली बार आए होंगे तो उस समय हमको ज्ञान था, और फिर अज्ञान उत्पन्न हो गया और हम फिर से आ गए — क्या ये आपने सिर्फ समझाने के लिए कहा है?

हां, आप जैसे समझ लीजिए। लेवल देख के समझाने के लिए बोलते हैं। हो सकता है कोई और वही प्रश्न किया होता तो मैं उसके लिए कुछ और बोलता; मुझे खुद नहीं पता मैं क्या बोलता। जैसे आपके सामने मैंने खुद दोहरी बात की — करना पड़ा, आपके लिए, कैसे भी आपका संशय हटे, आपकी भ्रांतियां हटें और आप अपने आप को समझें। बस इसीलिए, और कुछ नहीं। पता नहीं इसके बाद फिर मिलें ना मिलें, लेकिन यह अच्छी तरह समझ लो — ईमानदारी और सत्कर्म के अलावा दूसरा कोई रास्ता नहीं, मेन यही है।

P23-0009 · वीडियो देखें

गुरु जी, यह जो बात कही जा रही है, वह बहुत ही हाई लेवल पर कही जा रही है। जैसे विद्यालय में टीचर बच्चों को बोलता रहे कि सच बोलो, तुम्हारा सब भला हो जाएगा — तो कितने बच्चे सच बोलने वाले होंगे? उनको सच तक पहुंचाने के लिए बहुत कुछ समझाना, एक्टिविटी करवाना पड़ता है, वह एक लंबा प्रोसेस होता है। एक छोटा सा मैसेज देकर छोड़ने से शायद ज्यादा बात बनने वाली नहीं। तो जो यहां आएगा, क्या आप उसकी स्थिति के हिसाब से उसको गाइड करते हैं?

यह पढ़िए क्या लिखा है — 'बेमतलब से आना नहीं, मतलब है तो आना नहीं।' यह आखिरी यात्रा करवाने के लिए बैठा है। मैं लाइव में भी बोलता हूं — जिसे कुछ नहीं चाहिए वो आए; अगर कुछ चाहिए तो मत आना, पछताओगे, भाड़ा-किराया भी बर्बाद हो जाएगा। यह तो मैं चिल्ला-चिल्ला के बोलता हूं। जिसे कुछ चाहिए, उसके लिए प्रत्यक्ष ज्ञान नहीं है; जिसे कुछ नहीं चाहिए — जिसका 'कुछ नहीं चाहिए' का भाव बना है — वह 'कुछ नहीं चाहिए' की स्थिति पर कैसे पहुंच जाए, उसके लिए प्रत्यक्ष ज्ञान है। यहां जितने लोग आए हैं, 'कुछ नहीं चाहिए' के लिए आए हैं, चाहे एक दिन रहें चाहे दो दिन, क्योंकि मैं ऐसा बोलता ही हूं और साधक सुनता है। अब इनको कैसे समझाना है, वह मैं समझा रहा हूं। लोग पहले मुझे सलाह देते थे कि अगर आप अच्छे कपड़े पहनें तो भीड़ लगेगी। फिर क्या होगा? मैं तो ज्ञान दे रहा हूं आखिरी के लिए, और ज्यादातर संख्या मैंने देखा 'चाहिए' में है, तो वो लोग फिर चले जाएंगे। फटे कपड़ों में वही बचता है जिसे ज्ञान चाहिए — यह फटा कपड़ा मेरा छांट देता है, मेरे पास छंट के लोग आते हैं। क्योंकि यहां आना मतलब अपने आप को खत्म करना है; खत्म करना है तो आप यहां रहो, नहीं तो जाओ।

P23-0010 · वीडियो देखें

गुरु जी, 'कुछ नहीं चाहिए' के भाव में — जैसे कोई मजदूर है, उसकी रोजी-रोटी, आय — उसमें भाव नहीं होना चाहिए? और परिवार में, घर-गृहस्थी में रहते हुए एकदम 'कुछ नहीं चाहिए' की स्थिति तो नहीं हो सकती।

नहीं, मेहनत करो उसके लिए; बिना मेहनत का भाव मत रखो। और पता चला कि आप जहां काम कर रहे हो, वहां दिन भर सो के पगार ले रहे हो, तो ये भी बेईमानी है। जरूरत में जियो — जरूरत में जीना 'कुछ नहीं चाहिए' में जीना है, आप इसे समझिए। जितनी जरूरत है उसमें जियो; जितनी आपकी मेहनत है उतना पगार लो, उतना पैसा लो। जैसे मेरी उंगली में चोट लग गई — नदी में स्नान कर रहा था, गिर गया, उंगली फट गई, खून ही खून, और हमारी जेब में एक भी रुपया नहीं। रास्ते में एक लड़के से परिचय हो गया था, वो साथ में गया; मैंने कहा अगर पैसा चाहिए तो इससे दिला दूंगा और बाद में मंगा के इसको दे दूंगा। डॉक्टर ने इलाज किया, फिर बोला — परिक्रमा वासी का मैं पैसा नहीं लेता। हमने कहा, डॉक्टर साहब, मैं परिक्रमा वासी नहीं हूं। बोले नहीं-नहीं, आपसे पैसे नहीं लेंगे। तब ठीक है — लेकिन यह पता चल जाए आपको कि मैं परिक्रमा वासी नहीं हूं; अब नहीं लो तो बात अलग है। चाहता तो मैं चला जाता, लेकिन मैं बेईमान हो जाता। पैसा उसने तब भी नहीं लिया, लेकिन मैं नहीं बोलता तो बेईमान होकर जाता, और मैंने बोल दिया तो ईमानदार होकर निकल लिया। बस इतनी सी बात है। अपनी मेहनत का पैसा लो, जरूरत में जियो, सत्कर्म, ईमानदारी — और 'कुछ नहीं चाहिए' मतलब योग्यता से ज्यादा नहीं चाहिए। समोसे खाना है तो खाऊंगा, लेकिन ईमानदारी के पैसे से — ये ध्यान रखना। इस दुनिया में जितनी भी वस्तुएं बनी हैं, उपयोग करने के लिए हैं — सदुपयोग, ईमानदारी के धन से; दुरुपयोग नहीं। जिससे आपका हित हो उन वस्तुओं का उपयोग करना, जिससे अहित हो वो नहीं। बुरी वस्तुओं का सेवन कभी मत करना; ऐसी वस्तुओं का उपयोग करना जिससे आप आत्मिक रूप से गिरो नहीं और शरीर को भी लाभ हो।

P23-0011 · वीडियो देखें

गुरु जी, अपना शुद्ध स्वरूप क्या है?

अशुद्ध को छोड़ दो, बस बात खत्म। अशुद्ध का नाप है, शुद्धता का नहीं — यह ध्यान रखना। अशुद्ध आपने पैदा किया है तो उसका दायरा है; शुद्धता का नहीं। अशुद्ध छोड़ दो, बस बात खत्म करो। क्योंकि जिसका दायरा है उसी से निकला जा सकता है; जिसका दायरा ही नहीं, उससे कैसे निकलोगे? अपवित्रता का दायरा है, पवित्रता का नहीं; उसका कोई नाप नहीं, वो अनंत में हो गया।

P23-0012 · वीडियो देखें

गुरु जी, आप साधक को समझाकर कहां पर पहुंचाना चाहते हो?

कहीं नहीं। कहीं नहीं पहुंचेगा, तभी वो अपने आप में हो पाएगा। कहीं पहुंचे हो — शारीरिक या मानसिक; दो यात्रा हर वक्त कर रहे हो, या तो शारीरिक या तो मानसिक। पहुंचने से ही तो छूटना है।

P23-0013 · वीडियो देखें

प्रणाम गुरु जी, उपनिषद के हिसाब से अपने शरीर के प्रति मनुष्य का कर्तव्य क्या है?

अपने तरीके से जो चाहिए, उसका त्याग कर — मेरे शब्द में यही उपनिषद का सार है। द्वैत कब है? जब आपको अपने तरीके से चाहिए। अद्वैत कब है? जब आपको कुछ नहीं चाहिए। बस बात खत्म, यही उपनिषद का सार है। और आवरण से मुक्त हो जाना — वेदांत का सार है। रामायण का सार है — रामचरितमानस, राम का चरित्र अपने जीवन में उतार लो। गीता का सार है — 'मेरा' और 'कर्ता' से मुक्त हो जाओ। 'मेरा' से मुक्त होने के लिए ठीक शब्द का प्रयोग करो; कर्ता से मुक्त होने के लिए अनुमान लगाना छोड़ दो। अनुमान लगाना छोड़ दिया तो कर्ता का भाव प्रकट ही नहीं होगा, बनेगा ही नहीं। बस जैसा है वैसा बता दो — प्रत्यक्ष परिणाम आने के बाद बताओ; परिणाम के पहले बोले तो फंस गए। परिणाम के पहले आप बोलते हो मान के चक्कर में, वही कर्ता का भाव आता है। ठीक शब्द का प्रयोग करो तो राग-द्वेष होगा ही नहीं। परिणाम के पहले अगर आपने बता दिया, और जैसा बताया वैसा हो गया, तो 'मैं' खड़ा हो जाएगा, आप लोगों को ढूंढोगे; और नहीं हुआ तो लोग आपको ढूंढेंगे। आप पूरा गीता पढ़िए, आपको समझ में नहीं आएगा कि 'मेरा' और कर्ता से कैसे मुक्त हों; मैं आपको सार भी बता दिया और तरीका भी बता दिया। सार पकड़ के निकल जाओ, या फिर पढ़-पढ़ के यहीं आओगे — आना तो आपको यहीं पड़ेगा। ईमानदारी, सत्कर्म, और योग्यता से ज्यादा पाने की इच्छा तो आपको छोड़नी ही पड़ेगी, तभी कुछ होगा, नहीं तो ऐसे ही घूमते रह जाओगे। जब तक योग्यता से ज्यादा चाहिए, ऐसे भटकते रह जाओगे। और यह आपको ही करना है — चाहे अभी करो चाहे कल, लेकिन कल-कल करते-करते काल आ जाता है।

P23-0014 · वीडियो देखें

गुरु जी, कर्म का सिद्धांत क्या होता है — पिछला कैसे खत्म होता है और अगला कब बनता है?

आप कुछ कर रहे हैं तो पिछला खत्म हो रहा है। अगला कब तैयार होगा? जब आप बेईमानी करेंगे। अगर आप ईमानदारी अपना लिए, तो अगला तैयार नहीं होगा — यह कर्म का सिद्धांत है। अगला तैयार तभी होगा जब आप बेईमानी करते हो; ईमानदारी में अगला तैयार नहीं होता। 'ईमानदारी मुक्ति, बेईमानी बंधन' — यह पहली लाइन ऊपर मैंने लिखी है, वहां से शुरुआत है; और यहां आखिरी — 'बेमतलब से आना नहीं, मतलब है तो आना नहीं' — यहीं आके आपको खड़ा होना है। बेईमानी बंधन, ईमानदारी मुक्ति — वही अपनाना है, और फिर यहां आकर खड़ा हो जाना है।

P23-0015 · वीडियो देखें

गुरु जी प्रणाम, मेरा सवाल यह है कि हम अपने इष्ट देव को कैसे पहचानें?

या तो इष्ट देव से पूछो — इतने देवता हैं, 33 करोड़ — फिर बोलो भैया, जो मेरा इष्ट है वो आए, बताए। आप उतने सामर्थ्यवान होंगे तो आके बता देंगे। जैसे आप अनाउंस कर दो कि जिससे मुझे शादी करनी है वो आ जाए — दरिद्र रहोगे तो कोई नहीं आएगा, लोग आप पर हंसेंगे; लेकिन राजा रहोगे, राजकुमार रहोगे, तो बहुत लोग लाइन लगा लेंगे। कहने का मतलब है, सामर्थ्यवान हो तो चिल्ला दो कि जो मेरा इष्ट हो आ जाए — आ जाएगा; नहीं तो नहीं आएगा, फिर ढूंढो उसे। कमजोर होगे तो कहोगे कहीं जुगाड़ करवा दो; और सामर्थ्यवान है, योग्य है, तो रिश्ते छांटता रहता है। तो सामर्थ्यवान बनिए। गिड़गिड़ाने से कुछ नहीं होगा। मैं तो खुद कहता हूं परमात्मा से — मुझ पर कभी कृपा ना करना; अगर मुझे सड़ के मरना होगा तो मैं सड़ के मरने के लिए तैयार हूं, मेरा एक भी कर्म इधर-उधर नहीं होना चाहिए, सब भोगूंगा, मैंने किया है। जो चाहिए उसके लिए काम करो, बस बात खत्म; गिड़गिड़ाने से कुछ नहीं होता। जैसे ही काम चालू किया, आप उसके करीब होने लगे। लेकिन शुरुआत कर दो — बात मत करो।

P23-0016 · वीडियो देखें

प्रणाम गुरु जी, पाप-पुण्य सब जानते हैं, लेकिन पाप क्रिया लोग बार-बार क्यों करते हैं?

लोगों को छोड़ दीजिए, आप अपनी देखिए — आप क्या कर रहे हो। जोर पड़ता है खुद से मुलाकात करने में, एकदम। दूसरे से मुलाकात करने में चापलूसी चाहिए। गुरु ऐसा होना चाहिए जो मुझको मुझी से मिला दे। तो गुरु आईना है — आईना का मतलब होता है, जैसे हो वैसे दिखो। तो गुरु से मुलाकात हो गई, तो सर्वप्रथम आपको पहले औकात दिखाएगा, क्योंकि जैसे हो वैसे दिखोगे। फिर आपको शब्दों के द्वारा कुछ और दिखाएगा — आपको अभी की स्थिति दिखा देगा, और फिर आपको आखिरी दिखा देगा।

P23-0017 · वीडियो देखें

गुरु जी, माया किसे कहते हैं?

माया — एक तो प्रभु की माया है, उसमें आनंद से जीवन है; और एक आपकी माया है। यहां सबकी अपनी-अपनी माया है, और सब अपनी-अपनी माया में ग्रस्त हैं। तो जहां तक मैंने समझा, आपकी माया का निर्माण बेईमानी से हुआ है — बेईमानी माया है। इसे आप छोड़ दीजिए; बेईमानी-दुष्कर्म बस छोड़ दीजिए जीवन में। और सबसे ज्यादा अगर आपसे बेईमानी होती है तो पता है किससे? बोलचाल में — बाजार में हो, रास्ते में हो, बिना मतलब का बोलते हो, 'आ गया हूं, सामने ही हूं'। क्या जरूरत है? आदत है, लेकिन इस आदत की वजह से आप कितना गिर रहे हो, आपको पता है? संस्कार बने जा रहे हैं। कोई आया, बोला मुझे उधार पैसे दे दो — आपने कहा 'मेरे पास नहीं है'। सीधा कह दो ना: 'मेरे पास है, लेकिन तुम्हारी योग्यता नहीं है, इसलिए नहीं दूंगा।' अगर आप यह बात बोल दो, तो उसके अंदर एक ऊर्जा जगेगी, उसको आपके शब्दों की चोट लगेगी, और जाकर खूब मेहनत करेगा कि इससे बड़ा बन के दिखाऊंगा। चोट जरूरी है, लेकिन सच बोलोगे तब ना; तुम तो झूठ बोलते हो, चोट लगने ही नहीं देते। और तुमने उसके साथ धोखा किया — कहा मेरे पास नहीं है, लेकिन था, दे सकते थे।

P23-0018 · वीडियो देखें

गुरुदेव, अगर हम देखें तो लगभग 90 प्रतिशत मनुष्य अपना कल्याण ही चाहता है और मुक्त होना चाहता है, लेकिन फिर भी देखने में यह आता है कि अध्यात्म और सच्चाई पर कुछ दूर ही चल पाता है — ऐसा क्यों?

99 प्रतिशत लोग कामनाओं में घूम रहे हैं। मैं आपको सीधी बात बताता हूं — मुझे आज तक एक भी व्यक्ति नहीं मिला जो पूरी तरह मुक्त होना चाहता हो; अभी तक मेरे जीवन में नहीं मिला। बात करने वाले लोग हैं, लेकिन पूरी तरह तैयार कि बस अब मुझे पीछे नहीं जाना है — ऐसे लोग अभी तक नहीं मिले। मिलते तो हैं, लेकिन उनको पीछे जाना है। अभी तो प्लानिंग चल रही है, अपने को तैयार कर रहे हैं। जिस दिन निकलने के लिए तैयार हो गए, उस दिन पीछे नहीं जाओगे, तब निकल पाओगे। मुझे 13 साल में एक भी व्यक्ति नहीं मिला जिसे सच में निकलना है; बातें करने वाले खूब मिले। चलो, कम से कम तैयार तो कर रहे हैं — एक तरह से यह भी बेईमानी है, लेकिन समझ तो रहे हैं, कम से कम बेईमानी-दुष्कर्म कम तो कर रहे हैं, आ तो रहे हैं। कम से कम क्वार्टर पीना बंद करके मंदिर में घंटी तो बजा रहे हैं — परिवार तो ठीक है, पत्नी तो खुश है, बच्चे तो खुश हैं, गंदी आदतें तो छूटीं।

P23-0019 · वीडियो देखें

गुरु जी, मैं कामनाओं से मुक्त होना चाहता हूं, उसके लिए क्या करना है?

बस उम्मीद छोड़ दो — बहुत आसान। ईमानदारी और सत्कर्म, और जरूरत में जीना, योग्यता से ज्यादा पाने की इच्छा का त्याग।

P23-0020 · वीडियो देखें

महाराज जी, जानना कैसे जानना चाहिए? कृपया प्रकाश डालकर हम सभी को कृतार्थ करें।

जानना नहीं — जानते-जानते जानने से भी मुक्त होना है, क्योंकि जब तक जानते रहोगे, तब तक बाहर हो। जानना इतना है कि जानना कुछ नहीं। अब या तो इतने से समझ लो, या तो जानते-जानते फिर समझ में आएगा। क्योंकि जब तक जानोगे, जिसे जाना जा रहा है और जानने वाला — ये दोनों अलग हैं। तो जानने से अगर आप मुक्त हो गए, जानने को कुछ नहीं बचा, तो कौन बचेगा? जानने वाला। बात खत्म — बहुत आसान है। क्या है जानने के लिए, बताइए? क्या यह पत्ता — पहले पत्ता था? नहीं। बाद में पत्ता रहेगा? नहीं। तो क्या जानोगे, क्या जान लोगे इस दुनिया में? जानने के लिए दुनिया में कुछ नहीं है, तो काहे को जानना चाहते हो? उपयोग करो, निकल लो, सीधी सी बात। 'मेरा' बनाने के चक्कर में फंस गए। अपनी सामर्थ्य के अनुसार जरूरत में उपयोग करके निकलना था, लेकिन आपने लूटपाट चालू किया — मेरा, मेरा, मेरा।

P23-0021 · वीडियो देखें

गुरु जी, उपलब्धि के बाद भी लोगों ने भोजन मांगा — भूख लगी, भूख का विचार आया, तभी भोजन मांगा। तो विचार से मुक्त कैसे होते हैं?

विचार आया कि आप अज्ञानता में फंसे हो, आप उपलब्धि में जाओ — तभी ना ज्ञान दिए; आपको अलग समझे, तभी ना आपको मार्ग बताया। तो विचार आए, तभी ना आगे बढ़ेगा। विचार से मुक्त कैसे होता है? होता नहीं — कभी नहीं। विचार में राग-द्वेष आ रहा है, उससे मुक्त होना है; विचारों से तकलीफ नहीं है। ध्यान से काम करना था — ध्यान से काम करोगे तो काम में ध्यान आ जाता है; ऐसा ध्यान से करना था कि कोई गलती ना हो, बस बात खत्म। लेकिन ध्यान में लगा दिया। ध्यान किससे है? आपसे है ना। फिर मन आपसे है — तो मन के चक्कर में क्यों पड़े हो?

P23-0022 · वीडियो देखें

गुरु जी, ये साधनाएं, विधियां तो स्वयं को जानने के लिए करते हैं — मूल प्रश्न तो यही रहता है कि स्वयं को जानें।

कौन सी विधि से स्वयं को जान लोगे? बताइए, मुझे भी तो पता चले। अच्छा एक बात बताइए — स्वयं को जानने की क्या जरूरत है? कौन जानेगा स्वयं को? स्वयं तो है ही। जिसे जाना जा रहा है वो अलग है और जानने वाला अलग है — फिर तो आप वहीं के वहीं हो। यही तो अविद्या है, यही तो अज्ञान है। स्वयं को नहीं जानना है, जानने से मुक्त होना है। जब तक जानना है, तब तक द्वैत है — जानने वाला और जिसे जाना जाएगा। ईमानदारी-सत्कर्म तो मैंने कहा ना, आग है। ध्यान तो अपने आप आ रहा है, उसमें क्या सिखाओगे? सिखाना यह चाहिए — भैया, एक काम करो, जब काम करो तो इतना ध्यान रखना कि कोई गलती ना हो, बेईमानी-दुष्कर्म मत कर; इससे कुछ होगा। अब लोग ध्यान सिखा रहे हैं — ध्यान पत्ते पर जा रहा था, पत्ता छोड़ो, इस पर ध्यान लाओ — तो क्या हो जाएगा? एक व्यक्ति को जमीन से उठा के सोने के सिंहासन पर बैठा दिया, तो उसमें बदलाव आ जाएगा? और उसमें ताकत का उपयोग भी कर रहा है — जैसे एक रबड़ यहां बंधी है और आपने तेजी से खींचा, खींचते-खींचते छोड़ा, तो कहां जाएगी? मूल जगह पर। बचपन से मां कहती थी — ध्यान से खेलना बेटा; मतलब चोट ना लगे ऐसा खेलना। ध्यान से पढ़ना, ध्यान से लिखना। छोटा सा बालक संसार को नहीं समझ पाता, लेकिन समझ जाता था कि मां क्या कह रही है, पूछता भी नहीं था। काश ये बोल दिया गया होता कि बेटा, ध्यान से कर्म करना — और शाम को पूछती कि ध्यान से कर्म किया ना? तब बताता कि हां, मैंने ध्यान से कर्म किया — ईमानदारी से, सत्कर्म से, किसी का दिल नहीं दुखाया। ये पूछने वाला कोई नहीं था, और हम गलतियों पर गलतियां, अपराध पर अपराध करते गए। अब आध्यात्मिक नाम से गुरु मिल गए, बोले आओ हम तुम्हें ध्यान लगवाएंगे। कुछ समय के लिए बॉडी रिलैक्स होती है, घंटों बैठ जाओगे, ऐसा लगता है शरीर है ही नहीं; उठे, फिर वहीं के वहीं। मेन यह था कि जहां-जहां आपका ध्यान राग-द्वेष में जा रहा था, वहां से आपको निकालना था — राग-द्वेष हो क्यों रहा है, उसको जांचना; जांचने में ध्यान आ जाता है, और जांच के उस पर कर्म करना था। जैसे आपके घर में कोई मशीन बिगड़ गई — क्या उस पर देखने से वह ठीक हो जाएगी? नहीं, उसे खोल के ध्यान से देखना पड़ेगा कहां बिगड़ी है, कौन सा सामान खराब है, फिर वो लाकर लगाओगे तब जाकर वो बनेगी। वैसे ही पहले देखना है कि मैं कहां फंसा हूं, कहां उलझा हूं, कहां गलतियां कर रहा हूं — जब यह देख पाओगे, फिर आप निकाल लो, इतनी ताकत आप में है; लेकिन बिना देखे नहीं। अब यह देखना है कि आपको निकलना है कि रिलैक्स होना है।

P23-0023 · वीडियो देखें

गुरु जी, नारायण को हम परमात्मा कह सकते हैं, और राम और कृष्ण परमात्मा का अवतार नहीं हैं?

मैं यह कह रहा हूं — सब एक ही ब्रह्म से है, तो और सब क्या है? या ब्रह्म दो हैं क्या? उनका परमात्मा अलग है, मेरा परमात्मा अलग है — उनका वाला मजबूत है, मेरा वाला कमजोर है? भाई, सब एक ब्रह्म से हैं, तो सब एक जैसे हुए; किसी ने अपने अवतार को समझा, किसी ने नहीं समझा, बस इतना सा फर्क है। पृथ्वी पर आने वाले सब एक जैसे हैं; किसी ने अपने आप को समझा, किसी ने नहीं समझा, इतना फर्क हो सकता है। वो अवतार हैं तो हम क्या हैं? हमारा भी परिचय बताओ फिर। एक तरफ कहते हो एक के अलावा दूसरा है ही नहीं — 'एको ब्रह्म द्वितीयो नास्ति' — फिर कह रहे हो वो परमात्मा तुम नहीं हो; तो मैं क्या हूं, मेरा परमात्मा कौन है? यह सब उलझाने वाली बात है। आदि गुरु शंकराचार्य जी अद्वैत का प्रचार कर रहे थे — एक है, एक के अलावा दूसरा नहीं है। तो जब मां ने शरीर छोड़ा और गांव वालों ने अग्नि नहीं दी, उन्होंने गांव वालों को श्राप दिया। तो किसको श्राप दिया? एक के अलावा दूसरा था ही नहीं, तो श्राप किसको और किसके लिए दिया? यहां तो तुरंत तीन खड़े हो गए — एक आदि गुरु शंकराचार्य जी, एक मां, एक गांव वाले। हमें क्या जरूरत है पहेली सुलझाने की? हमें निकलना है; जिसकी पहेली, वो सुलझाए।

P23-0024 · वीडियो देखें

महाराज जी, पहले मुर्गी आती है या अंडा?

यार, तुम लोग मुर्गी और अंडे की बात करते हो, मुर्गा भी तो था उसमें — उसको तुम पूछ ही नहीं रहे हो, और मेन मुर्गा है। अंडा हो या मुर्गी, बिना मुर्गे के आएगी कैसे? तो मुर्गा खोजो; मूल पर आप लोग जाते ही नहीं हो, मुर्गे की बात कोई नहीं करता। तुम्हें चाहिए मुर्गी और अंडा; जब तक चाहिए, इसी मुर्गी-अंडे में घूमते रहोगे। चाहिए से मुक्त हो गए तो मुर्गा मिल जाएगा, बात खत्म। जिसे चाहिए, वो मुर्गी-अंडे में घूमे; जिसे कुछ नहीं चाहिए, वो मुर्गे से मिल गया, बात खत्म। छोड़ो — सब कुछ तो मुझसे ही है, मुर्गी भी मुझसे है, अंडा भी मुझसे है। छोड़ो, खत्म करो।

P23-0025 · वीडियो देखें

प्रणाम प्रभु जी, मैं और मेरी पत्नी आपके यहां आने के लिए मुंबई से निकलेंगे। मेरी पत्नी का सवाल है — पीरियड के समय अपनों की कुटिया में क्या नियम से रहना होगा?

चलिए बता देता हूं। मैं अपनी बहन के यहां रहता था; मैंने कहा भोजन बना, उसने कहा — गुरु जी, आज मैं नहीं बनाऊंगी। मैं बात तो समझ गया; बोला तू अभी क्यों नहीं बनाएगी? सुन — तेरी अशुद्धि में इतनी ताकत है कि मेरी साधना को भंग कर दे, तो मुझे ऐसी साधना भी नहीं चाहिए; मेरी साधना में इतनी ताकत है कि तेरी अशुद्धि को भी शुद्ध कर दे। तू मेरे लिए शुद्ध थी, शुद्ध है, शुद्ध रहेगी — जा, भोजन बना। तो हम मासिक धर्म, ये सब नहीं बरतते। आप मेरे लिए शुद्ध थे, शुद्ध हो, शुद्ध रहोगे; ये शरीर की क्रिया है। यहां भी किसी महिला ने अभी पुछवाया था, मैंने कहा यहां ऐसा कुछ नहीं है। मैं अपनी बहन के हाथ का भोजन करता था; फिर उसने मुझसे कभी नहीं कहा। तो भैया, आराम से आ सकते हो, हमें कोई फर्क नहीं; आपको फर्क हो तो आप देख लो। लोग बरतते हैं, हम उनको मना नहीं करते, लेकिन मैं कुछ नहीं बरतता। हम अपने जीवन में एक चीज बरतते हैं, पता है क्या? बेईमानी और दुष्कर्म — ऐसे लोगों से दूर रहता हूं, और मैं यह नहीं करता। बस, और बाकी खाओ, पियो, जियो, निकल लो — यही तो जिंदगी है।

P23-0026 · वीडियो देखें

गुरु जी, एक सवाल है — मेरी मंगेतर पूरे जीवन आध्यात्मिकता की राह पर पवित्र रिश्ता निभाना चाहती है, मैं भी यही चाहता हूं, मगर अपनी भीतरी वासना से ऊपर कैसे उठ पाऊं?

ईमानदारी सत्कर्म से। काम भाव आ रहा है तो करो, बेईमानी मत करो, बस बात खत्म।

P23-0027 · वीडियो देखें

गुरुदेव, आपका कथन सही है कि व्यक्ति कामनाओं, मोह और उनके बंधनों में फंसा हुआ है। तो जो व्यक्ति दिन भर ईमानदारी से मजदूरी करके अपने परिवार का पेट भरता है, क्या वह मुक्त है, या कुछ और मार्गदर्शन करें?

अब देखो, अगर ईमानदारी से कर रहा है तो मुक्त तो है; पिछला तब हटेगा जब वह सत्कर्म भी करेगा। दोनों जरूरी हैं।

P23-0028 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या बिना संन्यास के भी आत्मा का परमात्मा से मिलन हो सकता है? अगर हो सकता है तो कैसे? कृपया विस्तार से बताएं।

संन्यास का मतलब — अपनी बुराइयों का नाश कर देना, यही संन्यास है।

P23-0029 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या जीवन में गुरु दीक्षा एक बार ही लेनी चाहिए, एक बार ही गुरु मंत्र लेना चाहिए?

गुरु ज्ञान का प्रतीक है। मैं आपको कहानी बता रहा हूं, इससे समझ में आएगा। दीक्षा ले तो लिया, तीसरे दिन आश्रम छोड़ा, फिर आना-जाना लगा रहा। गुरु जी बोले — तू माला भी नहीं जपता। मैंने कहा, इतने लोग जप रहे हैं, सालों से जप रहे हैं, इतने लोगों को देख रहा हूं; जब आपने मंत्र दिया और इनका ही कुछ नहीं हुआ, तो मेरा कैसे होगा? तो मैंने गुरु मंत्र नहीं जपा, क्योंकि मुझे समझ में आ गया कि इससे कुछ होगा नहीं। फिर हम प्रसाद लेने जाते थे, ऐसे ही पांव छू लेते थे; बोले, आज तक माथा टेकना नहीं आया। हमने कहा — जितने लोगों को आया, उनका क्या हुआ? एक तो ऐसे ही हम फंसे हुए हैं, और आप नई-नई विधियों में उलझा रहे हो; अब यह माथा टेकना सीखने आए हैं कि कल्याण के लिए? हम यहां निकलने के लिए आए हैं आपके पास; हमारा जितना भाव है, उससे आपको प्रणाम कर रहे हैं, बस।

P23-0030 · वीडियो देखें

गुरु जी प्रणाम, मिट्टी का घड़ा जब तक अग्नि में नहीं तपता, तब तक पक्का नहीं होता। क्या मनुष्य बिना त्याग-तपस्या किए ज्ञान प्राप्त कर लेगा?

आओ यहां, सत्संग में बैठ लो — उतना ही पक जाओगे; आओ, यहां बैठ जाओ। यहां आने वालों से पूछो, कितने लोग इंतजार करते रहते हैं कि कब सत्संग खत्म हो, कितने लोग झूलते रहते हैं — लेकिन मैं छोड़ने वाला नहीं। फिर मिलो या ना मिलो, हमें कोई फर्क नहीं पड़ेगा, लेकिन गलती से भी मिल गए हो तो चमका तो दूंगा, ये पक्का है। अब आए हो तो सुनना तो पड़ेगा, चाहे आप चाहो चाहे ना चाहो, क्योंकि मुझे मालूम है कि सुनने में ही आपका कल्याण है। आज मुझे गाली दे सकते हो, लेकिन आपको कभी न कभी समझ में आएगा। गाली ही सही, लेकिन मैं आपके काम आ जाऊं — बस यही मेरी जिंदगी है।

P23-0031 · वीडियो देखें

गुरु जी, 'कुछ नहीं चाहिए' में कैसे आएं? अपने आप में कैसे रहें, ज्ञान कैसे हो? और पार कैसे होंगे?

उम्मीद छोड़ दो। अज्ञानता को छोड़ दो, उम्मीद को छोड़ो। उम्मीद में गए हो, उम्मीद में वापस आ जाओ — बस इतनी सी बात है।

P23-0032 · वीडियो देखें

स्वामी जी, क्या साक्षी को देखना भी गलत है? और साक्षी को कैसे देखते हैं, थोड़ा प्रकाश डालिए।

ऐसा नहीं है — ना गलत है ना सही है; ईमानदारी सत्कर्म से काम करो। साक्षी को नहीं देखते हैं; काम करते हुए साक्षी भाव से देखते हैं। करने वाला और देखने वाला एक ही है, बस वह अपने को अलग बना के रखता है कि मैं कर भी रहा हूं और जांच भी रहा हूं कि कोई गलती ना हो जाए — इसी को साक्षी भाव कहते हैं।

P23-0033 · वीडियो देखें

गुरु जी, जीवन का उद्देश्य क्या होना चाहिए? क्या स्वामी विवेकानंद जैसा संन्यासी होना चाहिए?

दो भाव होते हैं — या तो आप अपना कल्याण कर लो, या तो जगत कल्याण कर लो; जिस भाव में आपको जीना है।

P23-0034 · वीडियो देखें

गुरु जी, परिवार के लोग बेईमानी करें तो उनसे कैसे व्यवहार करें?

आप मत करो, उन्हें करने दो।

P23-0035 · वीडियो देखें

गुरु जी, शाश्वत क्या है — यह जानना है, और उस भाव में टिके रहना है।

बस जानने से मुक्त हो जाओ, शेष शाश्वत बचेगा, और क्या बचेगा।

P23-0036 · वीडियो देखें

गुरु जी, ब्रह्मचर्य कैसे लाऊं? उम्र में आपसे बड़ा हूं, 46 साल का हूं, लेकिन आपसे बहुत छोटी सोच महसूस करता हूं।

ईमानदारी अपना लो और सत्संग सुनते रहो; धीरे-धीरे शरीर का भी ब्रह्मचर्य आने लगेगा।

P23-0037 · वीडियो देखें

गुरु जी, शरीर के नौ दरवाजे कौन से हैं? विस्तार से बताइए।

दो कान, दो आंख, दो नाक, एक मुंह, एक लिंग, एक गुदा। जब नौ दरवाजों में हाथ लगाओ तो हाथ धो लेना चाहिए। इससे सचेतता बढ़ती है, एकाग्रता बढ़ती है — यह बहुत जरूरी है। अगर आपने भगवद्गीता का अध्ययन किया होगा, उसमें बोला भी गया है कि बाहर की स्वच्छता से आंतरिक स्वच्छता होती है। अब ऐसे लोग आते हैं — बाथरूम वहां करेंगे और मटके पर जाकर हाथ धोते हैं; इन्हें इतना भी नहीं पता है कि शौच जाने के बाद, मल-मूत्र का त्याग करने के बाद हाथ कहां धोना चाहिए। वो पीने वाला पानी है; हाथ तो जाकर नल पे धोना चाहिए। ये हालत है समाज की, और ये अपने आप को साधक कहते हैं। कितने लोग तो धोते ही नहीं। लेकिन नहीं पता था, अब तो कम से कम अपनाओ — मल-मूत्र का त्याग करने के बाद हाथ-पांव धोना बहुत जरूरी है।

P23-0038 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या वैराग्य के लिए घर वालों की अनुमति आवश्यक है?

अब देश-काल-स्थिति-परिस्थिति देखो — आप पर लोग निर्भर हैं क्या?

P23-0039 · वीडियो देखें

गुरु जी, जब 'कुछ नहीं चाहिए' में आना है, तो फिर जो चाहिए उसके लिए काम कैसे करें? फिर से हम 'कुछ चाहिए' में आ जाएंगे।

इसे गहराई से समझो — जरूरत में जीना। जरूरत के लिए अगर कर रहे हैं, तो आप 'कुछ नहीं चाहिए' में जी रहे हैं। जरूरत से ज्यादा के लिए कर रहे हैं — बस वही 'कुछ चाहिए' है, उसी से तकलीफ है।

P23-0040 · वीडियो देखें

गुरु जी, अगर एक संन्यासी को अपना मातृ ऋण चुकाना हो, तो कैसे चुकाए?

मातृ ऋण होता ही नहीं; जरूरत पड़ने पर उनकी सेवा करो, बात खत्म। मातृ ऋण, पितृ ऋण और गुरु ऋण होता ही नहीं — बस जरूरत पड़ने पर उनकी सेवा करो। उनको भी उनके माता-पिता ने कहा, यह चली आ रही है। अब जैसे मैं आज यह ज्ञान दे रहा हूं, तो मेरी भी तो कहीं-कहीं प्रकृति गुरु बनी; तो यह ऋण नहीं होता। सबका अपना-अपना पद है और सबका अपने पद का काम है; ऋण नहीं होता। डरा के सेवा मत कराओ — लोग डरा के कराना चाहते हैं कि सेवा नहीं करोगे तो पाप लगेगा। डराओ मत, सीधा-सादा कहो: मात-पिता ने बचपन में आपका पालन-पोषण किया, उन्हें जरूरत पड़ने पर — अगर कोई भाई है तो ठीक है, नहीं तो — आप उनकी सेवा करो। अच्छा, मात-पिता छोड़ दीजिए; अगर आपके पास कोई ऐसा व्यक्ति रहा जिसका कोई नहीं है, और पता चला वो आप ही के यहां रह गया, तो उसकी भी सेवा करो। बात है जरूरत की; लेकिन यहां क्या है, डरा-धमका के करवाना चाहते हैं।

P23-0041 · वीडियो देखें

गुरु जी, सत्य क्या है?

'क्या है' से मुक्त हो जाओ — सत्य है। 'क्या है' को पूछने वाला सत्य है।

P23-0042 · वीडियो देखें

गुरु जी, मैंने एक हिंदू लड़के से प्रेम किया था; उसने मेरा धर्म परिवर्तन करके मुझे छोड़ दिया और चला गया। अब मैं क्या करूं? मेरा मार्गदर्शन करें।

तो अब यह आप ही को फैसला लेना है कि क्या करना है। आप उधर जा सकते हो तो इधर आ सकते हो, इधर जा सकते हो तो उधर — यही तो है। और मैं तो कह रहा हूं, अपना कल्याण कर लो — यह जीवन में मौका मिला है, तो रसपान से दूर हो जाओ और अपना आत्मिक कल्याण कर लो। हो गया भोग-विलास; लेकिन समझ में आए तो।

P23-0043 · वीडियो देखें

गुरु जी, खत्म क्यों करना है अपने आपको? इस जन्म में आया हूं, तो कर्म के बिना तो रह नहीं सकते।

तो मत खत्म करो ना, कौन कह रहा है? हम तो कह रहे जिसको खत्म करना है वो आए; व्यक्तिगत हम थोड़ी कर रहे हैं, तो आप मत आओ। खत्म करने का मतलब है अपनी बुराइयों का नाश कर देना। अज्ञानता — अज्ञानता को आपने धारण किया है, उस अज्ञानता से अपने आप को छुड़ा लेना, अज्ञानता का नाश कर देना, विकारों का नाश कर देना — खत्म करने का मतलब यह है।

P23-0044 · वीडियो देखें

गुरु जी, चक्रों पर केंद्रित होना है या नहीं?

ईमानदारी सत्कर्म करो। चक्र क्या दिख रहे हैं, जो केंद्रित करोगे? अरे वो भी तो एक कल्पना है — किसी को कोई चक्र दिखा? कल्पनाओं में तो लोग आपको घुमा रहे हैं। मैं तो कह रहा हूं — चक्र, अच्छा चलिए सात क्या, सात हजार, सात लाख, सात करोड़, सात अरब, संख-पदम ले लो, इतने चक्र हों — ठीक है, कैसे बंद हुए? बेईमानी-दुष्कर्म से। ईमानदारी-सत्कर्म अपना लो, सब खुल जाएंगे, पट-पट-पट। इतनी बात समझ में नहीं आ रही है? ताला जिस चाबी से बंद होता है, उसी से खुलता है। साफ-सुथरी बात।

P23-0045 · वीडियो देखें

गुरु जी, पहले भाव बनता है कि एकांत में जाएं, वहां हम अपनी साधना अच्छी तरह से कर पाएंगे; लेकिन जब एकांत मिलता है, सानिध्य मिलता है, तो वहां व्याकुलता होती है, भागने का मन होता है। ऐसा क्यों? हम एकांत को बर्दाश्त क्यों नहीं कर पाते?

इसलिए कि जब आप एकांत में जाते हो — एकांत का मतलब अपने आप में रहना — और जब आप अपने आप में रहते हो तो आपको चाहिए रसपान, और रसपान मिल नहीं पाता। शब्द, दृश्य, गंध, रस, स्पर्श — पांच इंद्रियों द्वारा आप रसपान करते रहते हो, और एकांत में जब वह नहीं मिल पाता तो एकांत से आप भाग लेते हो। एक-दो दिन तक एकांत अच्छा लगता है, इसके बाद आप ऊबने लगते हो, बोर होने लगते हो, घुटन होने लगती है, पीड़ा होने लगती है, फिर भाग जाते हो। एकांत में आने के बाद भी वह एकांत वास को तोड़ना चाहता है, फिर लोगों से रस भरी बातें करना चाहता है। अगर वो मिल जाए तो वहां रुक जाए और समझेगा कि मैं एकांत में हूं — तो एकांत रहा कहां? जब आपस में रस भरी बात कर ली, एक-दूसरे को देख के मुस्कुराने लगे, तो एकांत गया, राग हो गया। अगर आप एकांत में हो तो किसी को देख के कोई भी प्रतिक्रिया ना दो — शारीरिक और मानसिक — तब आप एकांत में हो। एकांत में वही व्यक्ति रह सकता है जिसे कुछ नहीं चाहिए। जिसे कुछ भी चाहिए वह एकांत को बर्दाश्त नहीं कर पाएगा। इसलिए तो मैं कहता हूं, कुछ नहीं चाहिए तो आना, समय बर्बाद मत करो — आपका भी समय बर्बाद होगा, सामने वाले का भी। अगर कुछ चाहिए तो पहले उसे पूरा कर लो, निपटा दो, नहीं तो एक-दो दिन में भाग जाओगे।

P23-0046 · वीडियो देखें

गुरु जी, कर्मों की बेईमानियां तो समझ में आईं कि कर्मों में कहां-कहां बेईमानियां होती हैं, कैसे होती हैं; पर हमारी जो पांच इंद्रियां हैं, उनसे हम जो बेईमानियां करते हैं वे कौन-कौन सी होती हैं? जरा उस पर विस्तार से बताइए।

सबसे ज्यादा भोग करते हैं आंखों से। पुरुष सबसे ज्यादा आंखों से भोग करता है। फिर भीड़ में स्पर्श से — जैसे बस में, ट्रेन में भीड़ में यात्रा करो, सामने स्त्री है, वह कह रही है जरा पीछे हटिए, और आप बोलते हो क्या करें, भीड़ है। आंखों से भोग तो आप कहीं भी करते हो। सबसे ज्यादा ऊर्जा खर्च होती है आंखों से — आंखों से व्यक्ति बहुत भोग करता है — फिर इसके बाद मानसिक भोग में। आंखों के भोग में और मानसिक भोग में सबसे ज्यादा ऊर्जा खर्च होती है। फिर बोल के, सुन के; फिर स्वाद से; स्पर्श इंद्रिय से बहुत कम भोग होता है। यही कारण है कि इंद्रियों को जो रस चाहिए वह एकांत में नहीं मिलता — ना आंखों को भोग है, ना शब्द है — इसलिए एकांत में नहीं रह पाते। एकांत में वही रह सकता है जिसे कुछ नहीं चाहिए।

P23-0047 · वीडियो देखें

गुरु जी, जैसे आपने बोला कि पुरुष आंखों से भोग करता है — महिलाओं का क्या? महिलाएं किसका भोग करती हैं?

महिलाएं अतीत का भोग करती हैं। महिलाएं सबसे ज्यादा अतीत का भोग करती हैं, उन्हें पुरानी यादें बहुत सताती हैं। पुरुष को तो बस नया चाहिए, पुराना वह फट से भूल जाता है। स्त्री नए में जाने में बड़ा सकपकाती है, पहले वह पुराने को नहीं छोड़ पाती। पुरुष हमेशा आगे जाने के लिए तैयार है, उसे बस उससे अच्छा मिलना चाहिए; उससे अच्छा मिलेगा तो तुरंत पीछे वाले को छोड़ने के लिए तैयार हो जाता है। इसलिए तो आत्मज्ञान के लिए वह सब कुछ छोड़ के भी घर से जल्दी निकल जाता है — पक्का देख लिया कि इसमें कुछ नहीं है, छोड़ो इसे — बहुत तेज फैसला लेता है। महिलाएं जल्दी नहीं निकल पातीं, वे पुरुष की ऊर्जा को संभालने में लग जाती हैं; वे पुराने को जल्दी छोड़ नहीं पातीं, उसी में घूमती रहती हैं। पुरुष के लिए अतीत को छोड़ना बहुत आसान है, महिलाएं अतीत में ज्यादा जीती हैं, उनसे जल्दी नहीं छूटता। (वैसे एकांत तो सबके लिए है — साधक कहो चाहे साधिका, कोई भी एकांत में रह सकता है।)

P23-0048 · वीडियो देखें

गुरु जी, एकांत वास कितने समय तक करना चाहिए? और उपलब्धि का मतलब क्या है?

जब तक उपलब्धि ना हो जाए। मैं इसलिए तो कह रहा हूं — निकलिए तो पूरी तरह निकलिए। उपलब्धि मतलब स्वयं की उपलब्धि — तब तक एकांत में रहो जब तक अपना आत्मज्ञान, आत्मदर्शन ना हो जाए; अगर पूरी तरह यात्रा के लिए निकल गए हो तो। नहीं तो, जैसे परिवार है, उसके भरण-पोषण के आप जिम्मेदार हो, तो 12 महीने में एक महीना तो एकांत देना ही चाहिए। हर व्यक्ति को 11 महीने परिवार को दो, उनका भरण-पोषण करो, और एक महीने की छुट्टी तो जीवन में अपने लिए लो — एक महीना आपको अपने को देना ही चाहिए।

P23-0049 · वीडियो देखें

गुरु जी, एकांत में खान-पान का भी विशेष ध्यान देना पड़ता है क्या? क्या पेट भर भोजन नहीं करना चाहिए?

खानपान तो बहुत मूल है। पेट भर, जितने में शरीर चल जाए, उससे ज्यादा ना खाओ, क्योंकि एकांत में मेहनत तो कर नहीं रहे हो। जितना समय आप रह रहे हैं, बस उतना खाइए जितने में आप जी सकें। ज्यादातर ऊर्जा को तो हम भोजन पचाने में खर्च कर देते हैं। भोजन का बहुत महत्व है — भोजन आप उतना करिए जितने में आपका शरीर चल सके; अत्यधिक भोजन नहीं करना चाहिए। हो सके तो जब तक एकांत में रहो, पेट भर भोजन ना करो, नहीं तो आलस्य रहेगा। शरीर को भोजन पचाने में सबसे ज्यादा ऊर्जा खर्च होती है। कम खाने वाले व्यक्ति को आप स्वस्थ पाओगे, देख लेना; ज्यादा खाने वाले व्यक्ति अस्वस्थ रहते हैं।

P23-0050 · वीडियो देखें

गुरु जी, ब्रह्मचर्य के जीवन में क्या-क्या फायदे हैं?

ईमानदारी ब्रह्मचर्य है। आप क्या करते हो, ऊर्जा का किस तरीके से उपयोग करते हो — वो मायने रखता है। ₹100 मिला — आपने उसका दूध पिया, काजू-बादाम खाया, कि पता चला क्वार्टर पी के सो गए? बात यह है कि ऊर्जा का खर्च आपने किस तरीके से किया।

P23-0051 · वीडियो देखें

गुरु जी, गृहस्थ में रहकर मुक्ति पाने के लिए कोई सरल उपाय बताइए।

ईमानदारी मुक्ति है, बेईमानी बंधन है। जहां भी आप रहें, ईमानदारी अपना लें, और ईमानदारी अपनाते हुए अपने आप को सत्कर्म में लगा दें — मुक्ति से मोक्ष तक पहुंच जाएंगे। घर में रहकर भी: ईमानदारी, सत्कर्म — भूखे को भोजन, प्यासे को पानी — आंतरिक ईमानदारी, मेहनत; और मेरे कर्म से किसी को तकलीफ ना हो, क्योंकि हो तो उसका जिम्मेदार मैं होऊंगा — यह आपको पता होना चाहिए।

P23-0052 · वीडियो देखें

गुरु जी, किसी की बातों से और व्यवहार से दुख पहुंचता है, और वह पद में मुझसे बड़े हैं और रोज उनके साथ काम भी करना है — ऐसी स्थिति में क्या करना चाहिए?

आप अपने पद का काम करिए, उनसे व्यवहारिक रिश्ता ना बनाइए। जिस पद पे आपको रखा गया है उस पद का कोई काम है, उस काम को करिए। उनसे व्यवहारिक रिश्ता बनाने की कोई जरूरत नहीं है — व्यवहारिक मत बनिए।

P23-0053 · वीडियो देखें

गुरु जी, कपड़े का धंधा है, उसमें झूठ तो बोलना ही पड़ता है। कृपया मार्गदर्शन करें।

कोई झूठ बोलने की जरूरत नहीं है। आप जिस भाव में माल ला रहे हैं उससे ज्यादा में बेचना होता है — यही व्यापार का नियम है। बस जिस माल को बता रहे हैं, माल वही निकलना चाहिए; माल में धोखाधड़ी मत करना। सीधी सी बात है — अपने खर्च, किराया-भाड़ा और अपनी मजदूरी को जोड़ते हुए उचित दाम में बेचो।

P23-0054 · वीडियो देखें

गुरु जी, आपने कहा था कि किसी का साथ दो तो अंत तक निभाओ। शादी में हम साथ-साथ का वचन लेते हैं — तो आध्यात्म में आने के लिए घर वालों को कैसे छोड़ें?

तो मत छोड़ो ना। उनसे पूछो, उनको लेकर चलो। कौन बोल रहा है छोड़ो? आध्यात्म का मतलब है अपने आप को सुधारना। आप जहां भी सुधार सकते हो, सुधारो। कहीं भी रहो, ईमानदारी-सत्कर्म अपना लो।

P23-0055 · वीडियो देखें

गुरु जी, घर पर रहकर एकांत कैसे संभव करें?

जरूरत में जीना चालू करो। बिना मतलब की बातें बंद कर दो — जितनी काम की बातें हों उतनी करो। जब भी आप किसी से बातचीत या लेनदेन कर रहे हो, जरूरत है तो करो, नहीं तो मत करना। लेकिन ये करना आसान नहीं है, आप समझ लेना — इतना आसान नहीं है।

P23-0056 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या हमारे जीवन में जो भी घटित होता है वह पहले से निश्चित होता है?

सब फिक्स है। और फिक्स करने वाले आप ही थे — आपके कर्म के द्वारा आप फिक्स करते हो। आपने जैसा कर्म किया वैसा आपके लिए फिक्स हो गया; लेकिन अब आपको पसंद नहीं आ रहा है तो फिर से फिक्स करने लगे, और उसमें फंस गए। पिछला भी आप ही ने फिक्स किया था, अभी भी आप ही फिक्स कर रहे हो — मतलब करता भी तुम ही हो, धरता भी तुम ही हो। तुम शादी करते हो — पत्नी बहुत अच्छी है, पति बहुत अच्छा है — बाद में तलाक भी तुम ही दोनों करते हो। शादी भी तुम्हीं दोनों ने किया, तलाक भी तुम्हीं दोनों कर रहे हो।

P23-0057 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या एकांत में हम सत्संग सुन सकते हैं? या एकांत में बस सत्संग ही होना चाहिए?

हां, सुन सकते हैं, वैसे तो ऊर्जा बढ़ेगी। सत्संग तो जीवन में सबसे जरूरी है — जैसे शरीर के लिए भोजन, वैसे आपके लिए सत्संग। सत्संग तब तक सुनते रहिए, तब तक सत्संग में जियो, जब तक उपलब्धि ना हो जाए। उपलब्धि के बाद तो छूट जाएगा, तब जरूरत ही नहीं है। सत्संग सुनने का ऐसा कोई नियम नहीं है; जीवन में सबसे जरूरी है ईमानदारी-सत्कर्म।

P23-0058 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या आत्मज्ञान ही सही ज्ञान है?

सही-गलत की बात नहीं है। आत्मज्ञान मतलब खुद का ज्ञान। उसी के लिए तो राग-द्वेष से मुक्त होना है।

P23-0059 · वीडियो देखें

गुरु जी, वर्तमान में कैसे जिएं?

वर्तमान में जीवन नहीं होता है। वर्तमान में हो सकते हो, जी नहीं सकते। जीवन तो या तो अतीत में होगा या भविष्य में। जैसे ही जिए, अतीत और भविष्य में चले गए। वर्तमान में कैसे होंगे? अगर कर्ता का भाव नहीं होगा, कुछ नहीं चाहिए, तो आप करते हुए भी वर्तमान में हो; कुछ चाहिए तो आप वर्तमान में नहीं हो। अगर आप सोच रहे हैं कि आगे की प्लानिंग है या पीछे की — यह बात कर्ता की है, "मैं कर रहा हूं"। जब आप किसी से बात कर रहे हो, उससे आपको कुछ नहीं चाहिए; किसी भी कार्य को आप कर रहे हो, उस कार्य से आपको कुछ नहीं चाहिए, सामने वाले के लिए कर रहे हो, उससे आपको कोई बेनिफिट नहीं लेना — तब आप कार्य करते हुए भी वर्तमान में हो। इसलिए जितने भी महात्मा पुरुष, संत हैं, वे सत्संग करते हुए, लोगों के लिए कार्य करते हुए वर्तमान में रहते हैं — अपने आप में रहते हैं, आनंद में रहते हैं, बाहर जाते ही नहीं, लिप्त ही नहीं होते। आप लिप्त हो गए तो वर्तमान में नहीं हो, और लिप्त तब होंगे जब आपको चाहिए। आपको कुछ नहीं चाहिए तो आप कर रहे हैं तब भी लिप्त हैं ही नहीं — करके भी आप अपने आप में हैं। इस स्थिति में हमें पहुंचना है।

P23-0060 · वीडियो देखें

गुरु जी, जैसे हम ड्राइव कर रहे हैं, गाड़ी चला रहे हैं, यात्रा में जा रहे हैं — उस समय इंसान का दिमाग प्रेजेंट में ना होकर या तो पास्ट में जो हो चुका उसमें होता है, या फ्यूचर के सपनों में। तो इस मोमेंट में स्थिर होकर काम कैसे करें?

जब उस काम से कुछ नहीं चाहिए, तभी आप हो सकते हो, नहीं तो नहीं रह सकते। अगर कुछ चाहिए तो आपको बाहर ही जाना पड़ेगा। यह कैसे होगा? जरूरत में जियो। जरूरत में जिओगे तो जरूरत पूरा करने के लिए बाहर जाओगे, और जैसे ही जरूरत पूरी होगी, अंदर आ जाओगे — अपने आप में आ जाओगे। कुछ नहीं चाहिए तो अपने आप में रहोगे — "मिनिमम से मिनिमम" नहीं, कुछ नहीं। अगर आपको जरूरत से ज्यादा चाहिए तो आप राग-द्वेष में चले जाएंगे, फिर वापस नहीं आ पाएंगे, फिर वर्तमान में नहीं रह पाएंगे। राग-द्वेष वाला व्यक्ति हमेशा या तो भूत में रहता है या भविष्य में; वर्तमान में नहीं रह पाता।

P23-0061 · वीडियो देखें

गुरु जी, विकारों को दृष्टा बनके कैसे देखें?

विकार आ रहे हैं — देखना नहीं है, विकार आने वाला काम ही मत करो ना, सीधी सी बात है। क्या देखोगे? अभी तक भी तो देख ही रहे थे — लाते-लाते देख ही तो रहे हो। जीवन में जितनी भी बेईमानी, दुष्कर्म हुआ, उसके द्वारा विकार आए, तो आप ही ने तो देखा — दूसरे तो देख भी नहीं पाए। अब निर्विकार होने के लिए काम करो: ईमानदारी-सत्कर्म अपना लो, जरूरतमंद की सेवा करो, परोपकार में अपने आप को लगा दो।

P23-0062 · वीडियो देखें

गुरु जी, विकारों से बचें कैसे? जैसे किसी का ड्रिंक करने का मन हो रहा है, स्मोक करने का मन हो रहा है — यह एक विकार है, अब वह उसके दिमाग में आया तो उससे वह कैसे बचेगा? इसके लिए तो सेल्फ कॉन्फिडेंस, विल पावर होना जरूरी है?

बेईमानी मत करो बस, और योग्यता से ज्यादा पाने की उम्मीद का त्याग करो। ड्रिंक का मन हो रहा है तो मत पिए ना। कायरों के लिए, कमजोर के लिए हम थोड़ी ना बोल रहे हैं — तुम कहोगे मन नहीं मान रहा है, तो जाओ पियो, परिणाम भोगो। इसमें विल पावर की क्या जरूरत है? समझ की जरूरत है। सबसे जरूरी है भोजन, तन पे कपड़ा, सांस — इसमें विल पावर की, आत्मविश्वास की क्या जरूरत है? आपके पास समझ होनी चाहिए कि इसकी मेरी जिंदगी में जरूरत ही नहीं है। मत पीजिए, और पियो तो भोगो। केवल किसी एक चीज की बात नहीं कर रहा — जितने बुरे काम हैं, मत करो ना। काम-क्रोध मत करो। क्या जरूरत है करने की? समझ के चलिए, उचित-अनुचित देख के जीवन जियो; नहीं तो फिर उसका परिणाम भोगो।

P23-0063 · वीडियो देखें

गुरुदेव, ट्रेन की बोगियों में विकलांग लोग आते हैं, पैर से दिखते भी हैं कि विकलांग हैं, लेकिन बाहर जाने के बाद मद का सेवन जैसे अनर्गल काम करते हैं — तो उन्हें पैसा देना क्या सही होता है?

नहीं देना चाहिए। खाने वाला सामान दे दो — वो भी पैकेट खोल के, बिस्कुट दो तो खोल के दो, ताकि बेच ना पाए। नहीं ले तो मत दो, रख लो, आप खा लो, कुत्ते को खिला दो। ऐसे लोगों को मत दो — जरूरतमंद को दो।

P23-0064 · वीडियो देखें

गुरु जी, अहम को हटाना, मान की इच्छा का त्याग करना इतना कठिन है — अगर किसी परिस्थिति में वह भाव इंसान में आ भी जाता है तो क्या करें?

समझ से, समझदारी से उसे हटाओ। प्रतिक्रिया मत दो, सह लो — इसी को कहते हैं अपमान का घूंट पीना। पी लो कि नहीं, मुझे अपने आप को सुधारना है। देखिए, दो में से एक करो: या तो खुद पे अनुशासन करने की ताकत हो, या तो अनुशासन करने वाले व्यक्ति के पास रहो — लेकिन वो व्यक्ति महान होना चाहिए; अगर आपसे कमजोर का अनुशासन आप पर हो गया तो आप बर्बाद हो जाओगे। खुद पर अनुशासन करने वाले करोड़ों में एकाध होते हैं। नहीं तो आपके ऊपर कोई अनुशासन करने वाला चाहिए — फिर वहां से भागो मत। वो अनुशासन करेगा तो आपको बहुत तकलीफ होगी, फिर भी भागो मत, समझदारी से अपने आप को रोक के रखो, क्योंकि अपने आप को सुधारना है। वो तो तुरंत कहेगा "जाओ" — योग्य व्यक्ति तुम्हें रोकेगा भी नहीं, क्योंकि उसको तुम्हारी जरूरत ही नहीं है, जरूरत तुमको है। एक अच्छे शिक्षक के पास विद्यार्थी की कमी नहीं होती। बड़े सर्जन के पास देख लो — काम के अलावा कोई बात नहीं करेंगे, वहां जाने के लिए लाइन लगानी पड़ती है। सामर्थ्यवान, योग्य व्यक्ति किसी के पीछे नहीं भागते। और सफलता कोई उठा के नहीं दे देगा, यह दुकान पर नहीं बिकती — उसके लिए आपको अथाह मेहनत करनी पड़ेगी। इसलिए सोच-समझ के जीवन का फैसला लो, आवेश-जज्बात में नहीं; यह आवेश-जज्बात का मार्ग नहीं है, यह बहुत समझदारी का मार्ग है।

P23-0065 · वीडियो देखें

गुरु जी, कुंडलिनी जागरण जैसी कोई चीज है या नहीं?

हमसे उससे कोई मतलब नहीं। मुझे बस इतना अपना मतलब है कि अपना कल्याण कैसे होगा। और वह कल्याण करने के लिए ईमानदारी-सत्कर्म, और योग्यता से ज्यादा पाने की इच्छा का त्याग।

P23-0066 · वीडियो देखें

गुरु जी, जैसे आपने कहा कि अपनी इच्छा के अनुसार कोई चीज नहीं मिलती तो हमें गुस्सा आता है। अब एक परिवार में जैसे पांच लोग हैं, उसका जो मुखिया होगा वह तो चाहेगा ही कि मेरे हिसाब से काम हो — जरूरी भी है, क्योंकि कुछ काम उसके हिसाब से ही सही होते हैं। नहीं होगा तो उसे गुस्सा आएगा। इस परिस्थिति में क्या करें?

अपने हिसाब से काम नहीं करना चाहिए, काम को काम के हिसाब से करना चाहिए — कभी भी जिंदगी में, चाहे वो गार्जियन हो चाहे परिवार का कोई भी सदस्य। गार्जियन एक पद है; पहले तुम्हारे पिताजी गार्जियन थे, उनके पहले दादाजी, तुम्हारा पद भी तुम्हारा बेटा छीन ले सकता है। यहां सब एक पद है — उस पद का काम करो, ना अच्छा बनने के लिए ना बुरा बनने के लिए, बस जिम्मेदारी से। बात यहां सही-गलत की नहीं है; सही-गलत के लिए काम करोगे तो फंस जाओगे। चपरासी से ले, मास्टर, प्रिंसिपल, मैनेजर — सबका काम है; ऐसे ही घर में गार्जियन का काम है, उसे गार्जियन के तरीके से करें, उसमें अपनी मिलावट ना करें। यही तो गड़बड़ी हो जाती है — गार्जियन खुद तंबाकू खाते हैं और बच्चों को रोकते हैं, खुद दारू पीते हैं और बेटे को नहीं पीने देते — यह कौन सा गार्जियन है? खुद गलत करेंगे और परिवार को दबाएंगे। सबसे पवित्र, शुद्ध गार्जियन होना चाहिए, उसी से तो परिवार प्रेरणा लेता है।

P23-0067 · वीडियो देखें

गुरु जी, अगर जैसे कोई डॉक्टर है — वह उस सिस्टम में काम ना करे जो लोगों ने बना दिया है, जो गलत है, तो क्या करे?

तो मत करे ना। इससे अच्छा डॉक्टरी का वो पैसा छोड़ दो। क्या गलत ही करना है? डॉक्टर का काम गलत करना है — ये कौन सा सिस्टम है? पेट के लिए रोटी चाहिए, कहीं भी मिल जाएगी; रोटी के लिए क्या बेईमानी करनी है? लोगों को लूटो — ये भी कोई सिस्टम है? समाज सबसे ज्यादा सीखता है चार से — मात-पिता, शिक्षक, डॉक्टर और गुरु। इन चार को हमेशा शुद्ध जीवन जीना चाहिए, क्योंकि चारों से लोग प्रेरणा लेते हैं और चारों को लोग भगवान का स्वरूप मानते हैं। और ये चारों इस समय गंदगी फैला रहे हैं — अपने बच्चों का भरण-पोषण बेईमानी के ढंग से कर रहे हैं, शिक्षा का व्यापार कर दिया गया है, डॉक्टर बस पैसा कमाने में लगे हैं, गुरु बनके लोग अध्यात्म को बेच रहे हैं। 99% भ्रष्ट हो गए हैं, इसलिए समाज की इतनी दुर्दशा है, बेईमानी चरम सीमा पे है। जिंदगी की शुरुआत मात-पिता से है, फिर शिक्षक, डॉक्टर के पास आना-जाना, फिर गुरु के पास — ये चार अगर सुधर जाएं तो पूरा समाज सुधर जाएगा। इन चारों का ईमानदार और सत्कर्मी होना, इनके अंदर परोपकार होना बहुत जरूरी है। इसलिए आज वृद्ध आश्रम बढ़ते जा रहे हैं — 30 साल पहले गरीबी थी, लेकिन लोग अपने मां-बाप के साथ रहते थे। इसमें बच्चे जिम्मेदार नहीं, मात-पिता जिम्मेदार हैं, क्योंकि उन्होंने अपने बच्चों का भरण-पोषण बेईमानी के धन से किया। बेईमान भी बेईमान को अपने घर में रखना नहीं चाहता — बेईमान आदमी को भी घर में नौकर चाहिए तो ईमानदार चाहता है, बेईमानी करते पकड़ा गया तो धक्के मार के निकाल देता है। इसलिए जीवन में इस समय सबसे जरूरी है ईमानदारी और सत्कर्म। अपने आप को सुधारो — दूसरों को सुधारने में मत लगो।

P23-0068 · वीडियो देखें

गुरु जी, जीवन को कैसे जिएं जिससे कि अंत में राग-मोह ना हो?

ईमानदारी और सत्कर्म के साथ। योग्यता से ज्यादा पाने की इच्छा का त्याग करो, और लेने का भाव छोड़ के देने का भाव बना लो — मोह नहीं होगा।

P23-0069 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या सिमरन और ध्यान एक हैं? हम जिस गुरु की शरण में हैं उन्होंने ध्यान करने से मना किया है, केवल सिमरन बताया है — क्या यह सही है?

ध्यान से भी मुक्त हो जाओ। सुमिरन भी करो तो यह करो कि मैं अपने कर्मों को भोगने के लिए तैयार हूं, और ईमानदारी-सत्कर्म अपना लो।

P23-0070 · वीडियो देखें

महाराज जी, "जरूरत" समझ में नहीं आई — जरूरत किसे कहें?

जितनी आपकी आवश्यकता है — भूख लगी तो भोजन, तन पे कपड़ा। जियो जीने के लिए; जितने में आप जी सकते हो, वही जरूरत है।

P23-0071 · वीडियो देखें

गुरु जी, अभेद होते हुए भी भेद क्यों लगता है? अभेद का मतलब एक जैसा, भेद का मतलब अलग-अलग — तो अंदर से सब एक जैसा है, लेकिन बाहर से तो अलग-अलग है ही?

यहां सब बैठे हैं — शरीर में तत्व वही है, लेकिन बाहर से रूप बदला हुआ है। यह रूप पहले नहीं था, बाद में नहीं रहेगा, लेकिन अभी तो है, तो हम रूप में फंसे हुए हैं। रसपान करना छोड़ दो, अभेद हो जाएगा, बात खत्म। दूर से देखा, फल की दुकान थी — सब फल दिख रहे थे। पास गए, दाम पूछा, बोले एक-दो किलो दे दो; उसने रखना चालू किया — मत डालो, यह कच्चा है, यह पक्का है, यह सड़ा है, यह बढ़िया नहीं है — अब हो गया भेद। पहले सब फल था, अब भेद हो गया। भेद तब होता है जब आपको चाहिए। और चाहिए में भी सबसे ज्यादा बंधन तब है जब अपने तरीके से चाहिए — तब राग-द्वेष हो जाता है। जब खुद की बारी आती है तब आदमी भेद पैदा करता है; दूसरे को देना है तो "ठीक है भाई"। अपने तरीके से चाहिए में भेद है, तो अपने तरीके से चाहिए का त्याग करो। जब तक आप अपने तरीके से रसपान कर रहे हो तब तक भेद रहेगा — भेद को ही कहते हैं द्वैत; और आप अपने तरीके से पाने से मुक्त हो गए तो हो गया अभेद, अद्वैत। बस यही है द्वैत-अद्वैत की परिभाषा।

P23-0072 · वीडियो देखें

गुरु जी, अपने तरीके से चाहिए का त्याग करने से कर्ता भाव भी नष्ट हो जाएगा क्या?

हां, कर्ता भाव तो अपने तरीके से चाहिए तब बनता है — यही तो बात है। अपने तरीके से चाहिए का त्याग कर दो, बात ही खत्म; जरूरत में जीना चालू करो। बात तुरंत खत्म नहीं हो जाएगी — मुक्ति तो तुरंत मिल जाएगी, लेकिन सब राग-द्वेष से मुक्त होने में आपको परेशानी का सामना करना पड़ेगा, क्योंकि पिछला बनाया हुआ बहुत है ना, उसको भी तो भोगना है।

P23-0073 · वीडियो देखें

गुरु जी, जरूरत में जीने का मतलब समझ में नहीं आ रहा। हर आदमी ने तो अपनी-अपनी जरूरत बनाई हुई है — तो कैसे तय करें कि इतनी जरूरत है?

अपनी-अपनी जरूरत आप कैसे बना लोगे? भोजन, कपड़ा और मकान। एक बंदा सोचता है कि मुझे लग्जरी मकान चाहिए — यह जरूरत नहीं है, यह बेवकूफी है। अपनी बेवकूफी को जरूरत का नाम मत दो। मकान रहने के लिए बनाए — ना अच्छा ना बुरा, यह आप तय कर दिए। हमें सुरक्षित रहने के लिए मकान चाहिए — बस जितने में मैं जी सकूं, यह जरूरत है। 20–25 साल पहले AC नहीं था तो क्या लोग नहीं जीते थे? AC से रोग ज्यादा बढ़ जाता है शरीर में — स्वास्थ्य के लिए प्राकृतिक रहना ठीक है। अभी भी पंखे से काम चल जाएगा। आपने अपने आप को मशीनों के द्वारा कमजोर बना दिया — मशीनों का सहयोग लेना था स्थिति-परिस्थिति में, आप उसके आदी हो गए, गलती आपने कर दी। जरा सा सिर दर्द हुआ, तुरंत टेबलेट — अरे जरा रुको, शरीर में भी ऐसा सिस्टम है जो सही कर देता है, जरा इंतजार तो करो। सुविधा का उपयोग करो, लेकिन पतन तो मत करो। घर हमें जितने में हम रह सकें उतना चाहिए।

P23-0074 · वीडियो देखें

गुरु जी, जरूरत से ज्यादा बनाना-रखना तो प्रगति है ना? इसे प्रगति क्यों ना कहें?

आप जरा ध्यान से समझो मेरी बात। आपके पास कितने कपड़े हैं? 15–20 कपड़े रखना प्रगति है? यह विनाश है। पहनते कितने हो? दो सेट काफी हैं — एक पहना, एक साफ करके रख दिया। साधक की थैली में दो सेट — एक तन पे और एक थैली में — उसे कहते हैं साधक। इतने बड़े-बड़े सूटकेस लेकर घूम रहे हो — अंदर भी खूब भर लिए हो और बाहर भी, घसीटते हुए ला रहे हो। महिलाओं के पास 100 साड़ियां हैं तो भी कम हैं, और पहनती एक-दो हैं; जितने गहने बनाने में आप परेशान हुए, जितनी बेईमानी की, वे गहने एकाध-दो बार शादी-विवाह में पहने जाते हैं, बाकी अलमारी में सड़ते हैं। अपने शौक के लिए सामने वाले गार्जियन को तुमने भ्रष्ट कर दिया — इसको उन्नति नहीं, पतन कहते हैं। घर ऐसा बना लिया कि रहने वाले दो और कमरे साफ करने के लिए नौकर रखने पड़ते हैं — बस मान के चक्कर में। पहले एक मां के पास कितने बच्चे साथ सोते थे — शरीर से भी नजदीक, मानसिक भी नजदीक; आज सबको अलग-अलग रूम चाहिए, क्योंकि सब अपने परिवार में ही राग-द्वेष में फंस गए। प्रेम है तो कम जगह में ज्यादा जगह हो जाती है, और द्वेष है तो ज्यादा जगह में भी कम जगह हो जाती है। श्रृंगार क्या है? आप चरित्रवान हो, ईमानदार हो, सत्कर्मी हो — पुरुष हो चाहे स्त्री — वही आपका श्रृंगार है। अंदर से अपने आप को भ्रष्ट कर दिया और ऊपर से श्रृंगार कर रहे हो — इसी श्रृंगार की वजह से लोग बेईमान हो गए, पतन हो गया। इसका डायरेक्ट कनेक्शन मुक्ति से है: बाहरी आवरण जरूरत में कर दो, आप मुक्ति से मोक्ष तक पहुंच जाओगे। आवरण के चक्कर में ही तो आपने बेईमानी की है। जरूरत में जीना चालू कर दो, ईमानदारी-सत्कर्म के साथ — मोक्ष के लिए, मुक्ति के लिए कोई प्रयास नहीं करना पड़ेगा, अपने आप होगा।

P23-0075 · वीडियो देखें

गुरु जी, मतलब जो जरूरत से ज्यादा है वह दूसरों को दे देना चाहिए — यही कहने का मतलब है?

60% से ज्यादा जरूरतमंद को दे दो। आप देख लो — कपड़े से लेकर जितना सामान आपके घर में है, 60% से ज्यादा बेमतलब का, बेकार पड़ा है, कभी यूज भी नहीं होता, और उसकी रखवाली करनी पड़ती है। किसके लिए? मान के लिए। उस 60% के लिए आपने अपने आप को भ्रष्ट कर दिया — जीने के लिए बेईमानी नहीं करनी पड़ी, अपने मान को खड़ा करने के लिए बेईमानी करनी पड़ी। लाखों रुपए पगार पाने वाले कहते हैं कि ऊपर से नहीं लेंगे तो चलेगा कैसे, बच्चों को अच्छी शिक्षा कैसे देंगे — बेईमानी के पैसे से अच्छी शिक्षा कभी नहीं हो सकती। मतलब जरूरत है वो लो, बाकी सब बांट दो — गलत जगह नहीं, जरूरतमंद को बांटो। यही तो उससे मिलने का रास्ता है कि अपनी जरूरत में जियो, और धन को, तन को, ज्ञान को सत्कर्म में लगाओ।

P23-0076 · वीडियो देखें

गुरु जी, आप जो रास्ता दिखा रहे हैं वह तो पहले से हमारे ग्रंथों में लिखा है — अहिंसा, सत्य, अस्तेय, अपरिग्रह; अपरिग्रह का अर्थ है आवश्यकता से अधिक वस्तु का संग्रह ना करें। पहले इतने ईमानदार लोग थे — फिर हमारे देश में लोग इतने भ्रष्ट कैसे हो गए? शिक्षा में हमारी कमी रही, या हमने आवश्यकता से अधिक चाहा?

बस योग्यता से ज्यादा पाने में — साफ-साफ। और वो किसके चक्कर में? मान के चक्कर में, दिखावे के चक्कर में — उपयोग के चक्कर में नहीं। बस इतनी सी बात — इसीलिए भ्रष्टाचार। और फ्री में पाने की इच्छा — ध्यान से समझना — जब तक समाज में फ्री में पाने की इच्छा रहेगी, तब तक भ्रष्टाचार चलता रहेगा। फ्री में पाने की इच्छा और मान का चक्कर जब तक जीवन में रहेगा, तब तक आप एक परेशान इंसान रहेंगे। अगर आप यह छोड़ दीजिए — मान की इच्छा, योग्यता से ज्यादा पाने की इच्छा — तो आप शांति में जीने लगेंगे, और शांति में जीते-जीते परम आनंद घटित हो जाएगा। इतना साफ-सुथरा रास्ता है, लेकिन लोग बेईमानी-दुष्कर्म नहीं छोड़ रहे हैं और जा-जाकर खूब साधनाएं कर रहे हैं। एक शराब पीने वाला सौ रुपया कमाता था, पी के घर जाता था — उसे 2000 दे दो तो घर तक नहीं पहुंचेगा, गटर में गिरने लगेगा। पहले के गुरु नाम देने से पहले परीक्षा लेते थे कि सच में तुम्हें कुछ नहीं चाहिए; यह परीक्षा पास करता था तब जाकर देते थे। आज माइक से नाम बोल दे रहे हैं, लाखों शिष्य बना दे रहे हैं — गुरु को भी नहीं पता कि मेरे शिष्य कितने हैं। जिस गुरु का आप माला जप रहे हो, उसके दरवाजे पर चले जाओ, वह गेट के अंदर नहीं लेगा; जो जीते-जी आपको नहीं अपना रहा, वह मरने के बाद आपको क्या अपनाएगा?

P23-0077 · वीडियो देखें

गुरु जी, मैंने ऐसा सुना था कि जहां अच्छे गुरु पैदा होते हैं वहां पर गलत लोग पैदा नहीं हो सकते — क्या यह बात सही है?

एक बात बताओ — लोग कहते हैं एक ही ब्रह्म से सब है, तो शैतान, राक्षस, भूत-प्रेत जितने भी हैं, सब उसी से हैं ना? एक शुद्ध से अशुद्ध कैसे पैदा हुआ? जरा सोचने वाली बात है। जहां गुरु रहते हैं, वहां ज्यादा लोग इसलिए आते हैं कि मुक्ति-मोक्ष के लिए आते हैं, तो उनके नजदीक आते हैं — क्योंकि बिगड़ा हुआ आदमी सुधरने आएगा; सुधरे हुए आदमी को तो जरूरत ही नहीं है।

P23-0078 · वीडियो देखें

गुरु जी, एक चीज और समझ में नहीं आ रही — कहते हैं परमात्मा ने, खुदा ने आपको बिल्कुल फ्री हैंड छोड़ दिया, जो करना चाहो करो, सही करो या गलत; लेकिन दूसरे हाथ में पकड़ भी रखा है — ऐसा कानून बनाया है जो सीबीआई से भी ज्यादा पावरफुल है, थोड़ी सी गलती की तो सजा मिलेगी। यह कैसे?

देखिए, इस ब्रह्मांड में तीन गुण हैं — सात्विक, राजसी, तामसी (सतोगुण, रजोगुण, तमोगुण)। मानव में ऐसी प्रवृत्ति है कि आप गुरु (पैगंबर) भी बन सकते हो, देवता (पीर) भी बन सकते हो, राक्षस (शैतान) भी बन सकते हो। इस शरीर में कर्ता का अधिकार दिया गया है; बाकी जितने शरीर हैं उनमें कर्ता का अधिकार नहीं दिया गया — जानवर को कभी शैतान या देवता नहीं बोला जाता, उसके अंदर यह क्वालिटी नहीं है; उनमें भोग और भोजन फ्री में है। मानव शरीर में यह क्वालिटी है कि तीन में से क्या अपनाना है, आप स्वतंत्र हो। सात्विक प्रवृत्ति अपनाओगे — अपना दिया, अपना लिया — तो सीधा उससे कांटेक्ट हो जाएगा; राजसी-तामसी में जाओगे, राक्षस में या देवता में, तो इस जगत में आपका मान-सम्मान बढ़ेगा। देवता भी मनुष्य होते हैं — जैसे कोई मनुष्य अपराध करके कैदी हो गया, जेल से छूटा तो फिर मनुष्य कहलाता है। कोई भी जीवात्मा मनुष्य शरीर में आई, तो वह अपने आप को तीन में से कुछ भी बना सकती है। कर्म आप कर रहे हो — दूसरों को सता रहे हो, झूठ बोल रहे हो, बेईमानी-दुष्कर्म कर रहे हो, तो राक्षस हो, शैतान हो; लोगों की सेवा कर रहे हो, धर्मशाला बनवा रहे हो, समाज के लिए व्यवस्था कर रहे हो, तो देवता-प्रवृत्ति, पीर हो; और परमात्मा के यहां जाने का, निकलने का मार्ग बता रहे हो तो पैगंबर, गुरु हो गए। अगर आप उस कर्ता के अधिकार का दुरुपयोग करोगे, तो परिणाम आप भोगोगे।

P23-0079 · वीडियो देखें

गुरु जी, मान लीजिए एक बंदा शैतान है और वह गुरु के पास आ गया — तो फिर उस गुरु का क्या रोल है?

वो गुरु फिर उसे शैतानी से छुड़ाने के लिए कर्म करता है — बोलता है, मत कर, जितना करना था कर दिया; फिर कहता है जरूरतमंद की सेवा करो, ईमानदारी से, सत्कर्म से। फिर वो उसे पैगंबर की तरफ, गुरु की तरफ लेकर जाता है। गुरु कभी शिष्य नहीं बनाता, आप यह ना समझना — सही गुरु गुरु बना देगा। गुरु सम बनाता है, गुरु अपने जैसा बनाता है; वो आपको नीचे रखेगा ही नहीं, कभी नहीं। इसलिए तो वह सीधा कहता है कि ईमानदारी-सत्कर्म अपना ले, तू गुरु पद पर जाएगा — उस पद पर आत्मज्ञानी होगा तभी तो आगे बढ़ पाएगा, तभी कल्याण होगा तेरा। इसलिए तो गुरु को श्रेष्ठ बोला गया — दुनिया में सब आपको नीचे रखना चाहते हैं, गुरु ही अपने जैसा बनाता है; इसीलिए गुरु को सब प्रणाम करते हैं।

P23-0080 · वीडियो देखें

गुरु जी, आदमी तो आदत से भी चलता है — हैबिट हो गई, वह करे जा रहा है। क्या गुरु उसकी आदत को तोड़ सकता है? और जो काम गुरु नौ महीने में कर सकता है, वह नौ दिन में भी तो कर सकता है?

धीरे-धीरे उसके पास रहेगा तो तोड़ देगा — उसके सानिध्य में रहना पड़ेगा, ज्यादा दूर से काम नहीं चलेगा। हल्की बीमारी है तो डॉक्टर दवा-टेबलेट दे देगा; बहुत ज्यादा है तो एडमिट करेगा, चीर-फाड़ करेगा, फिर तो तुम्हें वहां रुकना पड़ेगा। लीवर का ऑपरेशन की बारी आई तो सारी नौकरी वगैरह छोड़ते हो कि नहीं? आप लोग तो ज्यादा बीमार हो — कम से कम नौ महीने तो मां के गर्भ में थे, उतना तो रहो, एडमिट तो हो। इसलिए तो सारी व्यवस्था गुरु देता है — खाना-पीना-रहना, कुछ सोचना नहीं है, क्योंकि उसे पता है अब तू एडमिट हो जा। और नौ दिन में? आप हॉस्पिटल में जाकर बोल दो कि तुरंत कर दे — होता है क्या? विज्ञान इतना आगे चला गया, क्या ऐसी कोई व्यवस्था है कि बच्चे को नौ दिन में पैदा कर दे? नहीं हो सकता।

P23-0081 · वीडियो देखें

गुरु जी, पहले तो पीर ही बनेगा ना, फिर बंदा पैगंबर बनेगा — धीरे-धीरे?

नहीं, आपको सीधा पीर बनने की जरूरत नहीं है — सीधा पैगंबर वाली, गुरु वाली लाइन पर आओ, ईमानदारी-सत्कर्म करो। ऐसा नहीं कि आपको शैतान से पीर, पीर से पैगंबर बनना है — आप सीधा अपना सकते हो। पीर बनना है, देवता बनना है, तो सेवा — लेकिन वो जरूरतमंद की नहीं, मान-सम्मान के लिए: भंडारा करा दो, स्कूल बनवा दो, कॉलेज बनवा दो। और पैगंबर बनने के लिए ईमानदारी-सत्कर्म, और सत्कर्म में भी आपको जरूरतमंद को खोजना पड़ेगा — कि वाकई में जरूरतमंद है, सच में मैं भोजन दे रहा हूं तो वह खा रहा है कि नहीं, फेंक तो नहीं दिया गया — पूरी छानबीन करनी पड़ेगी। इसलिए बिस्किट का पैकेट भी दो तो जरा खोल के दो, ताकि कोई ना कोई खाए, नहीं तो वह बेच देगा।

P23-0082 · वीडियो देखें

गुरु जी, आप तो निकल चुके हैं ना — लेकिन निकल गए तो वापस भी तो आ सकते हो? क्या उपलब्धि के बाद भी आदमी मुड़ सकता है?

आ सकते हो — गलती करोगे तो आओगे। एक कैदी, एक अपराधी सजा काटा और बाहर आ गया, फिर अपराध करे तो फिर अंदर जाए — वो तो आपके हाथ में है। पहली बार जब खुदा के पास से, परमात्मा के पास से चले होंगे, तब तो शुद्ध रहे होंगे, पवित्र रहे होंगे ना? इसलिए जीवन को सोच-समझ के जीना पड़ता है। उपलब्धि के बाद भी बंदा मुड़ सकता है — वो गलत कुछ करे तो मुड़ सकता है; गलत ना करना उसके ऊपर है। इसलिए तो इतना जांचना पड़ता है। गुरु से गलती हो नहीं सकती, लेकिन कर तो सकता है — अपनी समझ से। जज सबको सजा दे रहा है, वो चाहे तो खुद भी गलती कर सकता है; राजा देश चला रहा है, वो चाहे तो कैदखाने में भी जा सकता है। इसलिए पूरा जीवन सोच-समझ के, होश में जीना पड़ता है।

P23-0083 · वीडियो देखें

गुरु जी, हम यहां कुछ सेवा कर ही नहीं पाते — ना बर्तन साफ किए, ना कुछ काम कर पाए।

अपनी थाली धो लो, इतना बहुत है; और आत्मिक कल्याण करो, यही सेवा है। मानव तन की प्रथम सेवा यही है कि अपना आत्मिक कल्याण करे — इसी को सेवा कहते हैं। ये नहीं किया तो किसी सेवा का कोई मतलब नहीं है।

P23-0084 · वीडियो देखें

गुरु जी, कहते हैं कि जगह में खासियत होती है — क्या किसी स्थान में कोई शक्तियां होती हैं?

आप खुद बताओ — इटली से लेकर हिंदुस्तान तक आप घूमे, ऐसी जगह आपको कहीं मिली? नहीं — तब यह कोई साधारण स्थान नहीं है, और फिर इसके बाद अपनों की कुटिया बनी तो बात ही अलग हो गई। यहां एक सुरक्षा चक्र है — यह मैंने पहले दिन से अनुभव किया है; आप खंभे के पार जाकर और यहां रहकर फील कर सकते हो। आप देखिए ना — आपने ध्यान वगैरह के लिए कितनी मेहनत की, लेकिन यहां अपने आप विचार कम हो गए, उथल-पुथल कम हो गई, अशांति कम हो गई; आपने कोई मेहनत भी नहीं की, हमने भी कुछ आपसे नहीं करवाया — यहां रहना ही साधना है। गुरु हमेशा अंदर से ही करता है, बाहर से करने की क्या जरूरत है? क्या जरूरी है जताना कि मैंने आपके लिए कुछ किया? यह करने में तो जिंदगी लगा दी कि कैसे लोगों का कल्याण हो।

P23-0085 · वीडियो देखें

गुरु जी, एकांत में शांति से अपनी चटाई लेकर बैठते हैं; अभी तक तो हम ध्यान करते थे — अब ध्यान नहीं करना है, तो अब क्या करें? केवल चुपचाप बैठें? अपने आप में ही आनंद है, तो अपने आप को कैसे सोचें?

कुछ नहीं — यही तो गलती करते हो तुम लोग। आप अपने आप में रहो ना, आप में ही तो आनंद है — उसे निकलने तो दो। आप निकलने ही नहीं देते — जैसे ही अपने आप में हो रहे हो, कुछ ना कुछ पकड़ना चाहते हो। अपने आप में हो जाओ, आनंद को निकलने तो दो। चुप ही तो होना है, मौन होना है, अपने आप में होना है — पांचों इंद्रियों से मौन हो जाना है, और मन को बहने दो, जहां जा रहा है जाने दो। आप बैठे हो, बाल उड़ रहा है, तो क्या कहोगे कि मैं बाल पकड़ के बैठूंगा, एक भी बाल उड़ना नहीं चाहिए? आपका एक रोएं पे कंट्रोल नहीं है। मन शरीर के लिए काम करता है — भूख लगी, इंगित करेगा; बाथरूम लगी, इंगित करेगा। मन को नहीं रोकना है, मन जरूरत में जाता है। ध्यान नहीं करना, कुछ नहीं करना — ना करने में आ जाना है, बस बात खत्म; क्योंकि ना करने में आप होते हो, और आप हो तो वह है। अब ध्यान का नाम ही मत दो — चुपचाप बैठ जाओ, बस।

P23-0086 · वीडियो देखें

गुरु जी, लोग कभी-कभी चुपचाप बैठ के मंत्र जाप वगैरह करते हैं — इसका क्या प्रभाव है?

कुछ नहीं, मत करो — अपने आप में हो जाओ। उससे ऊर्जा मिलेगी; फिर उस ऊर्जा से आप ईमानदारी-सत्कर्म कर रहे हो तो ठीक है, और नहीं तो फिर बेईमानी-दुष्कर्म करोगे तो पतन हो जाएगा।

P23-0087 · वीडियो देखें

गुरु जी, यहां रहकर कभी-कभी आंतरिक परेशानी ज्यादा हो जाती है — कल पूरा दिन परेशानी रही। और आंतरिक बदलाव क्या-क्या होते हैं?

आपके कर्म के सब आ रहे हैं — आएंगे ना। आपके कर्म सताएंगे, जितना आपने किया है सब सामने आएगा; तो अच्छा हुआ, आप बड़े जल्दी इसी समय में समझ लिए। आंतरिक बदलाव में राग-द्वेष कम होने लगता है, कामनाओं में कम भागते हो।

P23-0088 · वीडियो देखें

गुरु जी, मोह क्या है? और लोग जो पशु-पक्षी पाल लेते हैं, उसके सहारे जीने लगते हैं — क्या पालना चाहिए?

मोह मतलब — जिससे हमें अपने तरीके से कुछ मिलता है; जब मिलता है तो आसक्ति हो जाती है कि वह कहीं चला ना जाए, चला जाएगा तो मिलेगा नहीं — उसके प्रति आसक्ति बंधन हो जाता है। सबसे ज्यादा मोह होता है जहां से पांचों इंद्रियों को सुख मिलता है — नर-मादा के मिलन में, या पुत्र-मोह। पशु में भी हो सकता है — दूध दे रही है, आप पर निर्भर है, बहुत सुंदर-प्यारा लग रहा है, तुम्हारे तरीके से चल रहा है, बुलाया तो आ गया, बात मानने लगा — तो मोह हो जाता है। ज्यादातर लोग इस मार्ग में आगे नहीं बढ़ते तो पशु-पक्षी पाल लेते हैं, उसके सहारे जीने लगते हैं। पक्षी तो नहीं पालना चाहिए — उसे स्वतंत्र करो, उसको जीने दो; पशु पाल सकते हो। लेकिन संन्यासी को, खोजी व्यक्ति को कभी कुछ नहीं पालना चाहिए — पाला तो फंस जाएगा, कहीं जा ही नहीं पाएगा, उसे लेके भी नहीं जा सकता। संन्यासी को बांधने वाला कोई काम करना ही नहीं चाहिए — ज्ञान तक; ज्ञान हो जाए तो बात खत्म।

P23-0089 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या आत्मा होती है? गौतम बुद्ध कहते हैं आत्मा नहीं होती, आदि गुरु शंकराचार्य कहते हैं कि आत्मा और चेतना एक ही है, जैन भी कहते हैं कि आत्मा और चेतना एक ही है।

मैं कह रहा हूं, तुम किसी के चक्कर में मत पड़ो। तुम देखो कि तुम हो या नहीं — बस। और तुम क्या हो, वो देख लो।

P23-0090 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या आत्म तत्व ही गुरु तत्व है?

आत्म में स्थिर हो गया तो गुरु पद पर हो गया — वह निर्विकार हो गया। राग-द्वेष, मोह, शक्ति, इच्छा-अपेक्षा, मेरा, कर्ता — इनसे मुक्त हो गया तो गुरु पद पर हो गया।

P23-0091 · वीडियो देखें

गुरु जी, मुझे यह जानना है कि जीव, माया और ब्रह्म — तीनों में अंतर क्या है, तीनों का आपस में संबंध क्या है, और हम ब्रह्म तक कैसे पहुंच सकते हैं?

मैं जिस स्थिति में अभी हूं, मेरे सामने माया है; ब्रह्म का पता मेरे जीवन में नहीं है — है तो सिर्फ एक जानकारी, जो सही भी हो सकती है, गलत भी। अब देखना है कि मैं किस स्थिति में हूं — क्या मैं इस स्थिति में रहना चाहता हूं? क्या मैं महसूस कर पा रहा हूं कि मेरी स्थिति अशांत है? क्या मैं इससे निकलना चाहता हूं? यह संसार है, इसको एक तरह माया बोला गया है। इस माया से हमें कोई तकलीफ नहीं है; यहां हर व्यक्ति की अलग-अलग दुनिया है, और सबकी दुनिया में अलग-अलग लोग हैं। हम प्रभु की माया से परेशान नहीं हैं, अपनी माया से परेशान हैं — और अपनी माया हम स्वयं बनाते हैं। यह शरीर सिर्फ एक मशीन है, इसका उपयोग आप ही करते हो; बुद्धि निर्णय लेने में, आदान-प्रदान में सहायक होती है। हम उस माया से परेशान हैं जिसका निर्माण हमने बेईमानी के द्वारा, दुष्कर्म के द्वारा किया है, और उसी माया में ग्रसित हो गए हैं। अब निकलना चाह रहे हैं तो लोग कह रहे हैं — हिसाब करो तब निकलो, मेरी भरपाई कर दो तब जाओ — क्योंकि हमने लेनदेन कर लिया है। निकलना है तो लेनदेन पूरा करो — ईमानदारी और सत्कर्म के साथ जीवन जीते हुए अपना कर्तव्य करो। और जीव — अगर आप इच्छा और अपेक्षा में हो तो जीव की स्थिति है; तो जीव का नाश करना पड़ेगा, जीव के पीछे आत्मा है। आत्मा इस शरीर में आई, उसे कर्ता का अधिकार है, और इच्छा-अपेक्षा में वह जीवात्मा हो गई — जैसे पानी फ्रिज में गया तो ठंड की वजह से बर्फ बन गया; नॉर्मल जगह लाओ, फिर वैसा का वैसा हो जाएगा। इच्छा-अपेक्षा से अपने आप को छुड़ा दो तो जीव का नाश हो जाएगा, आप आत्मा में स्थिर हो जाओगे, और आत्मा फिर परमात्मा की यात्रा करेगी। तो ब्रह्म से आत्मा है, ब्रह्म से माया है; आत्मा जीवात्मा हो गई है। आपने अपने आप को बदल दिया है, अपना अस्तित्व बना लिया है — आपके बनाए हुए अस्तित्व का आपको नाश करना पड़ेगा।

P23-0092 · वीडियो देखें

गुरु जी, समझ में तो आता है — शास्त्र, महापुरुषों की वाणी पढ़ते हैं, सब समझ में आ रहा है — लेकिन अपना बनाया हुआ अस्तित्व मिटा नहीं पा रहे। ऐसा क्यों? और ब्रह्म को मानें या जानें?

रिस्क नहीं ले पा रहे हो। पता है क्यों? पक्का नहीं है कि ब्रह्म है। जिस दिन पक्का हो जाएगा, उस दिन क्या आप उसके बिना रह पाओगे? सोच रहे हो कि अगर यह मैं सब छोड़ दूं और वो ना मिला तो — अभी तो कुछ है। यह रिस्क नहीं ले पा रहे हो, छलांग लगानी है। उससे अलगाव इसलिए हुआ कि आपको मालिकपन बनने का भाव आया; अब मालिकपन बनने का भाव छूटे तब उससे मिलना होगा। रिस्क इसलिए नहीं ले पा रहे कि यह आपकी माया प्रत्यक्ष है, वह प्रत्यक्ष नहीं है; यह भी पता है कि आखिरी में यहां भी कुछ नहीं मिलेगा, लेकिन अभी तो कुछ है। अगर किसी को अपनी मां का पता चल जाए तो वह और कहीं रहेगा? अपनी मां की गोद में कूद जाएगा। यह तभी पक्का होगा जब अस्तित्व को मिटाओगे। और ना मानना है ना जानना है — मानोगे तो भी भटक गए, जानोगे तो भी भटक गए। किसको जानोगे? जब तक जानोगे तब तक आप दो हो — जानने वाला और जिसे जाना जा रहा है। अपने बनाए हुए अस्तित्व को मिटाना है, मालिकपन के भाव को छोड़ना है — सीधी सी बात है। और "मैं" कैसे मिटेगा? मैं कहां से खड़ा हुआ? "तुम" से — सामने वाले से; जब तक सामने वाला है तब तक मैं कैसे मिटेगा? और तुम के पास किसके लिए गए? कुछ चाहिए में — कुछ चाहिए की वजह से तुमको पकड़ा, तुम की वजह से मैं तैयार हुआ। तो जब कुछ चाहिए की इच्छा का त्याग होगा तो तुम गिरेगा, और तुम गिरेगा तो मैं गिरेगा। कुछ नहीं चाहिए में आ जाओ, बात खत्म हो जाएगी। ब्रह्म से आत्मा भी है, ब्रह्म से माया है — आत्मा अगर माया में रहेगी तो ब्रह्म में नहीं, ब्रह्म में रहेगी तो माया में नहीं, यह ध्यान रखना।

P23-0093 · वीडियो देखें

गुरु जी, मुझे इसके साथ यह भी पूछना है कि हम विश्वास करें कि श्रद्धा करें? श्रद्धा और विश्वास में क्या फर्क है?

विश्वास प्रकृति की प्रथम व्यवस्था है — विश्वास आपको करना ही पड़ेगा। प्यास लगी तो किसी से गिलास पानी मांगो, या नल पर जाकर लो — नल पर तो विश्वास करना पड़ेगा। कभी नल खोलते हैं, पानी नहीं आता — तो क्या नल ने धोखा दिया? नहीं, उसमें पानी नहीं था। विश्वास सिस्टम की व्यवस्था है; अंधविश्वास आपकी कमजोरी है। दो लोग दुकान पर गए — एक अमीर, एक निर्धन; दुकानदार ने कहा कल लाऊंगा, दूसरे दिन कहता है समय नहीं मिला। अमीर कहेगा जाओ, मैं और किसी दुकान से ले लेता हूं; गरीब कहेगा भाई, कल लेते आना — यह गरीब का विश्वास नहीं, अंधविश्वास है, उसकी गरीबी की वजह से। तो अपनी कमजोरी को विश्वास का नाम मत दो; अंधविश्वास आप मजबूरी में करते हो, जब आपके पास ऑप्शन नहीं होता। और यह मत समझना कि मैं विश्वास करता हूं तो बड़ा एहसान करता हूं — विश्वास तो एक-दूसरे पर करना ही पड़ेगा। फिर श्रद्धा क्या है? जिसके लिए हम गए हैं, वह जब प्रत्यक्ष हो जाता है, तो उसके प्रति हमारी श्रद्धा हो जाती है — समर्पण और श्रद्धा। वह कार्य चाहे अच्छा हो चाहे बुरा — बुरे कार्य के लिए भी गए हो और उस व्यक्ति से कार्य हो गया, तो उसके प्रति श्रद्धा हो जाएगी; श्रद्धा अच्छे-बुरे किसी के प्रति भी हो सकती है, आपका कार्य कैसा है उस पर है। श्रद्धा मतलब उससे आपका स्नेह-लगाव हो जाएगा, एक भरोसा हो जाएगा कि यह भरोसे लायक इंसान है। विश्वास और भरोसा घुमा-फिरा के एक ही है।

P23-0094 · वीडियो देखें

गुरु जी, माया हटी मतलब अपना जो भी बनाया हुआ अस्तित्व है वह पूरा हट जाए, तो सीधा ब्रह्म से कनेक्ट हो गए?

देखिए, आत्मा या तो जीवात्मा बनकर माया में रहेगी, या तो ब्रह्म में रहेगी। माया में रहेगी तो ब्रह्म में नहीं, ब्रह्म में रहेगी तो माया में नहीं। और तुम इस समय उसे दो जगह रखना चाहते हो — नहीं हो सकता, यही गड़बड़ी है।

P23-0095 · वीडियो देखें

गुरुदेव, यह आत्म तत्व — क्या इसका संख्यात्मक दृष्टिकोण भी है? आत्मा एक है या अनेक? ब्रह्म एक है, परमात्मा एक है, तो आत्मा?

आत्मा अनेक है — एक जैसी है। आत्मा में स्थिर हो जाओगे तो द्वैत का भाव, राग-द्वेष खत्म हो जाएगा, सब एक जैसे दिखेंगे। मैं "एक" नहीं बोल रहा, मैं अनेक बोल रहा हूं — "एक जैसा" बोल रहा हूं; हमारे शब्दों पर जरा ध्यान दो।

P23-0096 · वीडियो देखें

गुरु जी, आपने अभी शब्द बोला था कि मालिक बनने के चक्कर में उस मालिक से दूर हुए। यह मालिकपन का भाव कहीं पहले जन्म से तो आया होगा ना? यह इतना गहरा हो गया है कि छूट नहीं रहा।

बस मालिक बनने का चक्कर — मालिक बनके उससे भी दूर हुए, बाप से दूर हुए, भाई से दूर हुए; मालिकपन का भाव बहुत खतरनाक है। जहां से भी हुआ, इस समय देखो — हुआ है ना? निकलना है। चाहे जितना भी गहरा हो, छोड़ना तो चालू करो। कैसे भी अपने आप को निकालो, समझदारी से। तो मालिकपन के भाव को छोड़ो, सेवकपन का भाव अपनाओ — सीधी सी बात है। और वो तब आएगा जब ईमानदारी-सत्कर्म होगा। सेवक ही उससे मिलता है, और सेवक बनने के लिए ईमानदारी और सत्कर्म — बस इतना ही है।

P23-0097 · वीडियो देखें

गुरु जी, इतनी आसान बात है, फिर हम लोगों का अड़ता कहां पर है? जैसे आपने मुझे डांट दिया, तो मुझे देखना चाहिए कि डांटा किस लिए — कहीं गलती है — और उसे लाइटली लेना चाहिए; पर हम लोग किसी बात को लाइटली लेते नहीं।

इसलिए कि आप पक्का नहीं कर पा रहे हो कि चाहिए क्या। और आप उल्टा करते हो — जहां आप रसपान करते हो वहां लात-जूते खाते हो, चलेगा; और जहां रसपान से छुटकारा दिलाया जाएगा, वहां एक शब्द बर्दाश्त नहीं कर पाते। जहां सच में आपके कल्याण की बात होगी, वहां आप नहीं सह पाते; और जहां आपके रसपान की बात होगी, वहां के लात-जूते भी ठीक हैं। उसी घर में कभी हाथ में हाथ डाल के प्रेम की बातें करते हैं, और उसी घर में, उन्हीं हाथों से तोड़ाई भी हो रही है — कभी उसी व्यक्ति के गले लग रहे हैं, उसी से मारपीट हो रही है। यह कैसी जिंदगी है? पशुओं की तरह जी रहे हैं। और फिर कहते हो "प्रेम में झगड़े होते हैं, प्रेम बढ़ता है" — अपनी लड़ाई-कुटाई को प्रेम का नाम दे दिया, कितना गिर गए हम! जिसके प्रति आपका प्रेम होगा, क्या आप उस पर उंगली भी उठा सकते हो? यह प्रेम नहीं, इच्छा-अपेक्षा है — रसपान के चक्कर में लात-जूते खाके पड़े हैं। फिर भी एक-दूसरे से तुलना करके तसल्ली देते रहते हैं कि मैं उससे बेटर हूं, मैंने कम मार खाई — तुलना करके बहुत बुरी जगह हमने अपने आप को फंसा लिया।

P23-0098 · वीडियो देखें

गुरु जी, सर्कस में शेर तक को सिखा देते हैं — बिना बोलने वाला जानवर सीख जाता है — हम लोग क्यों नहीं सीख रहे? इतनी बातें सब समझ में आ रही हैं, उम्र 50 पार कर गई, फिर भी उसी दुनिया में गोते लगा रहे हैं — इतना गहरा क्या है?

रसपान की इच्छा। शेर क्यों कूदता है, पता है? मांस के टुकड़े के लिए — शेर अपनी ताकत भूल गया, वही आपकी हालत है। आप कुत्ते को डांटते हो, दो थप्पड़ मारते हो, वो चला जाता है और फिर आ जाता है — आप भी वही रहना सीख गए हो। आप रसपान के लिए पड़े हो। अगर रसपान हटा दिया जाए, तो उस व्यक्ति को आप तुरंत छोड़ दोगे, उसी जगह पे। रसपान ही आपकी माया है। उम्मीद-अपेक्षा छोड़ दो — बस उम्मीद छोड़ दो, वहीं रहकर भी आप छूट गए।

P23-0099 · वीडियो देखें

गुरु जी, यह उम्मीद रहती कहां पर है — मेरे मन में या मेरी बुद्धि में?

बुद्धि सिर्फ निमित्त बनती है, बुद्धि कुछ बताती-उताती नहीं। यह भाषा आपको पढ़ना आता है तो बुद्धि द्वारा पढ़ सकते हो, नहीं आता तो नहीं पढ़ पाओगे — बुद्धि द्वारा आपने क्या सीखा है, बात यह है। वही आदमी कभी आपको अच्छा लगता है, वही बुरा, फिर वही अच्छा — बुद्धि तो वही की वही है, क्यों बदल गया? जैसी आपको सामने से समझ मिलती है। मान लीजिए किसी ने भोजन लाकर दिया, बोला आपसे बहुत प्रेम करने वाले ने दिया है — आप रुचि से खाने लगे; कोई दौड़ा-दौड़ा आया, भोजन मत खाओ, यह शत्रु का है — अब वही भोजन घुटन देने लगा; फिर आपकी मां या कोई सबसे प्रिय आई, बोली क्या मजाक कर रहे हो — बस वही भोजन फिर सुकून देने लगा। बुद्धि वही, आंख वही, मुंह वही, भोजन भी वही — फिर स्थिति क्यों बदली? जैसी आपको समझ मिल रही है, वैसा आपका भाव बदल रहा है।

P23-0100 · वीडियो देखें

गुरुदेव, शरीर, मन और बुद्धि की बात हुई — कुछ लोग इसके पार भाव की बात कहते हैं, कुछ उसे आत्मा का अभिन्न स्वभाव भी बोलते हैं। क्या भाव भी मन-बुद्धि के इसी कार्यक्रम से जुड़ी हुई चीज है?

भाव तो जैसा आप कर्म करते हो वैसा बनता है — कर्म के पहले, कर्म के बाद एक भाव बनता है, उससे फल का निर्णय होता है। जैसी वस्तु आपके सामने आएगी — मान लीजिए आप बैठे हो, कुछ भी भाव चल रहा है, कुछ सड़ा हुआ आपकी नाक पर रख दिया जाए, तो तुरंत भाव बदल जाएगा। जैसा आप पांच इंद्रियों द्वारा — देख के, सुन के, सूंघ के, स्वाद से, स्पर्श से — ग्रहण करते हो, या जैसा अंदर है, वैसा ही भाव बनता है। "भाव विद्यते देवा" — भाव में ईश्वर का वास है। जैसा आप करते हो, वैसा बनने लगते हो, वैसा आपका भाव बनने लगता है। तो मूल आपका कर्म है — आपके द्वारा क्या किया जा रहा है, किस भाव से किया जा रहा है। भाव के बाद कर्म, कर्म के बाद भाव — सब एक-दूसरे के पूरक हैं, अंतर-संबंधित हैं। मेन आपकी समझ है, मेन आप हो — सीधी सी बात है। बुद्धि के चक्कर में, मन के चक्कर में मत पड़ो; जिसको जीवन में कुछ नहीं करना है, वह कहेगा क्या करें मन भटकता है — उसे रसपान करके पड़े रहना है।

P23-0101 · वीडियो देखें

गुरु जी, क्या समभाव भी एक बेईमानी है?

समभाव, सम दृष्टि एक स्थिति है — आप समभाव ला थोड़ी सकते हो। समभाव तब होगा जब आपको कुछ नहीं चाहिए, नहीं तो नहीं होगा; चाहिए में तो होगा ही नहीं।

P23-0102 · वीडियो देखें

गुरु जी, एक भाषा में कहा जाए तो मन, बुद्धि, चित्त, अहंकार, काम, क्रोध, लोभ — ये सब शरीर में हैं? कुछ लोग अंतःकरण चतुष्टय बताते हैं — मन, बुद्धि, चित्त और आखिर में अहंकार — कि अहंकार नष्ट किए बिना सर्वेश्वर तक नहीं पहुंचोगे।

नहीं, शरीर में नहीं हैं। ये सब घटनाओं में आते और जाते हैं — देश, काल, स्थिति, परिस्थिति में आते हैं और जाते हैं, शरीर में रहते नहीं। अहंकार कैसे आता है, समझना — जब आप किसी को नीचा दिखाना चाहते हो, तब अहं भाव आता है; और नीचा दिखाने में जब उसे प्रतिक्रिया देते हो, तो वह अहंकार होता है। अहंकार आया और गया — तो उसे नष्ट कैसे करोगे? जो जाता है उसे कैसे नष्ट करोगे? समझकर उसे छोड़ सकते हो — आने मत दो। वैसे ही काम, क्रोध, लोभ, मोह, मद — ये सब आते-जाते हैं; आप एकदम पवित्र, शुद्ध आत्मा हो। आप चाहो तो तुरंत यह सब आना-जाना बंद कर सकते हो — कुछ नहीं चाहिए में आ जाओ, उम्मीद छोड़ दो, बस खत्म। अपने तरीके से चाहिए का त्याग करो — आपने कुछ चाहा, उसने आपके तरीके से नहीं किया, तो आ गया गुस्सा; कर दिया तो आ गया राग — बस यही है। तो अपने तरीके से क्यों चाहो? उचित तरीका अपनाओ, जो आपके हित में हो, उसके हित में हो।

P23-0103 · वीडियो देखें

गुरु जी, मालिकपन से सेवक बनना है — तो किनका सेवक बनना है? सेवकपन का भाव कैसे लाएं?

व्यक्तिगत किसी का नहीं — बस सेवकपन के भाव में जीना है, वह भी ईमानदारी-सत्कर्म से, जरूरतमंद के लिए। अभी मेरा कहना है कि अपने आप को कैसे निकालो, उसके लिए काम करो। अहंकार कब आता है, पता है? जब आप अपने से ज्यादा योग्य वाले की सेवा करते हो, तब आपको अहंकार आता है — यह ध्यान रखना। जरूरतमंद की सेवा करोगे तो अहंकार आएगा ही नहीं। तो जरूरतमंद की सेवा करो, ईमानदारी के साथ — अपने स्व तक पहुंचने के लिए यही सबसे आसान, सरल रास्ता है। फिर उसके बाद परमात्मा की यात्रा होगी; अभी उसकी बात करने का कोई मतलब ही नहीं है, इसलिए मैं नहीं करता — वह सारे विषयों से परे है, शब्द-दृश्य-गंध-रस-स्पर्श से परे है, फिर क्या बताना? आप पहुंचो ना। मैं तो बस इतना कहता हूं कि आप अपने आप में कैसे हो जाएं। आपको लग रहा है कि मेरा जीवन ठीक है, तो लगे रहो; लग रहा है कि ठीक नहीं है, तो इसे छोड़ो, मूल में आओ — छोड़ने का तरीका मैं बता रहा हूं। कोई कहे मैं खुश हूं, तो मैं बोलूंगा जाओ खुश रहो; कोई परेशान है, तो उसे बताऊंगा इस परेशानी से कैसे निकलो। इसलिए निर्विकार कैसे हो जाओ, उसके लिए काम करो — उसके लिए मैंने सबसे सरल देखा ईमानदारी-सत्कर्म।

P23-0104 · वीडियो देखें

गुरु जी, दिन भर जो कार्य हमारे द्वारा होते हैं, कुछ समय जानते हुए करते हैं, कुछ अनजाने में अचानक होते रहते हैं। तो कोई ऐसी युक्ति हो, कोई सूत्र, कि 24 घंटे हम सजग रहें, जानते हुए करें — आजकल जो सजगता, अवेयरनेस की बात बताई जाती है?

क्या बिना जाने करते हो? खाना फटाफट खा लिया, पूरा चबाया भी नहीं — तो भी मुंह में ही डाल रहे हो ना, आंख में तो कभी नहीं डाला? पेशाब करने जाते हो तो बाथरूम ही करते हो — कभी ऐसा धोखा हुआ? अनजाने में कुछ नहीं होता, सब समझ-सूझबूझ के साथ होता है। अनजाने में हो जाए, तब तो तुम पागल हो, मंदबुद्धि हो या अबोध हो। जरूरत थी, खुजा लिया — उसे गिन के क्या करोगे? बस अपने आप को पढ़ाना बंद करो, नहीं तो और फंस जाओगे। और ध्यान रखना — ईमानदारी से ज्यादा समझ बेईमानी में लगती है; बेईमानी में बहुत सचेत रहना पड़ता है, होशपूर्वक बेईमानी होती है; भटकने में भी बहुत समझदारी चाहिए। इसलिए अपने आप को धोखा मत दो, सच्चाई का सामना करो और आगे बढ़ जाओ। क्या चाहिए, पक्का कर लो, उसके लिए काम करना पड़ेगा — बातों से बात नहीं बनेगी। यह सब ट्रेंड चल गया है मार्केट में — "ऐसी प्रैक्टिस करो कि जागरूकता नींद में प्रवेश कर जाए, शरीर सो रहा है मैं जाग रहा हूं" — फालतू बातें हैं। नए-नए शब्दों में उलझ गए हो। जिससे कुछ हो सकता है — ईमानदारी-सत्कर्म — काश उसको पकड़ लेते, और बढ़िया से सोते, खाते, कपड़ा पहनते, घूमते, इज्जत की जिंदगी जीते, खुद अपनी इज्जत करते। बस कुछ पाना, कुछ पाना — कभी भौतिक के नाम से, कभी अध्यात्म के नाम से; अब अध्यात्म में भटक रहे हो। मेरा तो बस यही कहना है कि ईमानदारी-सत्कर्म अपनाकर जीवन जियो, बात खत्म।

P23-0105 · वीडियो देखें

प्रभु जी, मानव शरीर तीन प्रकार का होता है — स्थूल, सूक्ष्म और कारण। इसको कैसे समझें? कृपा करके समझाइए।

स्थूल तो दिख रहा है; कारण — जब तक हम कारण में जी रहे हैं; और सूक्ष्म में स्वप्न में जाते हैं। बस, उसको समझ के क्या करेंगे? आप यह देखो कि मेरे द्वारा क्या कार्य हो रहा है। जैसा आप करोगे वैसा बनते चले जाओगे — बात सीधी-सादी है। अशुद्ध काम करोगे तो अशुद्ध बनते जाओगे, शुद्ध काम करोगे तो शुद्ध बनते जाओगे। अशुद्ध रहोगे तो इस जगत में भटकते रहोगे; शुद्ध हो जाओगे, पूरी तरह पवित्र हो जाओगे, तो कभी ना कभी आपका उससे मिलना हो जाएगा। बस यही समझना है।

P23-0106 · वीडियो देखें

गुरु जी, परिवार से निमंत्रण आता है और हम जानते हैं कि वे ईमानदारी से नहीं कमाते — तो उनके यहां भोजन ग्रहण करना चाहिए या नहीं?

आप देख लो — ऐसे तो नहीं करना चाहिए। मैं एक घटना बताता हूं। मिर्जापुर में रुके थे, वहां वालों ने कहा उनकी बहन दूर रहती है, वहां चलें — हमने कहा ठीक है, सुबह निकलेंगे। रात को आराम करने गया, फिर तुरंत वापस आया, पूछा — पहले यह बताओ, वे करते क्या हैं? बोले पोल्ट्री फार्म है। मैं बोला, मैं उनके यहां पानी तक नहीं पिऊंगा, जाने की बात कर रहे हो! बोले हम व्यवस्था बाहर से कर देंगे — मैंने कहा उनके घर में पंखा चलेगा, उस पंखे की हवा भी मुझे घुटन देगी, क्योंकि कई मुर्गियां कटी होंगी तब वह पंखा आया होगा; कुर्सी-टेबल सब — ना बाबा, मुझसे नहीं होगा। फिर नहीं गया। फिर वे लोग आए तो हमने कहा, यह व्यापार छोड़ के कोई और व्यापार अपना लो। तो मैं ऐसे घर में नहीं जाता जहां पोल्ट्री फार्म हो, जहां जीव-हत्या का व्यापार हो — ऐसे यहां पानी पीना भी पसंद नहीं करता। वे क्या करते हैं, वे जानें; मैं नहीं जाना चाहता। आदिवासी क्षेत्र में घूमता हूं तो उनके घर में रुक जाता हूं, क्योंकि वे अभी आगे बढ़ रहे हैं, उनकी समझ बढ़ रही है।

P23-0107 · वीडियो देखें

गुरु जी, मुझे कैसे पता चलेगा कि मैं कौन हूं? क्योंकि मैं तो निरंतर बदल रहा हूं — कभी अच्छा हूं, कभी बुरा; कभी पापी हूं, तो कभी बहुत पुण्यात्मा। वास्तव में मैं कौन हूं?

वास्तव में तुम कुछ नहीं हो। कभी पापी हो तो कर्म से हो, पुण्यात्मा हो तो भी कर्म से। पापी में भी "मैं" था, पुण्यात्मा में भी था; अच्छे में भी था, बुरे में भी था — वह जो था, वह तुम हो।

P23-0108 · वीडियो देखें

गुरु जी, अपनी योग्यता को कैसे पहचानें?

आप आओ अपनी कुटिया में, हम बता देंगे — किस योग्यता के बारे में जानना है? धन, तन, ज्ञान? आप कहोगे धन, तो मैं बोलूंगा चलो एक करोड़ की गाड़ी लेते हैं, दो-तीन — आपको समझ में आ जाएगा। आप कहोगे मुझे कुश्ती लड़नी है, तो मैं किसी के सामने खड़ा करूंगा — तुम्हें योग्यता समझ में आ जाएगी। ज्ञान की योग्यता जांचनी है, तो किसी ज्ञानी के सामने खड़ा कर दूंगा, समझ में आ जाएगा। सीधी सी बात है — अपोजिट में जब कोई होगा, बात समझ में आ जाएगी। वैसे सबको अपनी योग्यता का पता है।

P23-0109 · वीडियो देखें

गुरु जी, संसार में संग का क्या महत्व है? साधु-संग क्या है? और सत मार्ग और परमार्थ में क्या अंतर है?

परमार्थ मतलब दूसरे की सहायता करना। और संग का असर तब पड़ता है जब आप उस पर काम करते हो, उसमें जीते हो। संग में हो लेकिन कुछ और कर रहे हो, तो कोई मतलब नहीं है। उसी घर में एक व्यक्ति बहुत अच्छा सज्जन रहता है, और एक बेटा बहुत दुर्जन बन जाता है — संग के बाद आप करते क्या हो, बात वह है। उसी संग में आदमी बहुत बुरा बन जाता है, उसी संग में आदमी बहुत अच्छा बन जाता है।

P23-0110 · वीडियो देखें

गुरु जी, हिंदू धर्म में जाति प्रथा या छुआछूत क्या सही है? यदि हां तो कैसे, और यदि नहीं तो कहां तक गलत है?

एकदम गलत है। चार वर्ण हैं — ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, शूद्र। जब पृथ्वी पर कोई भी जीव अपने बच्चों को जन्म देता है, तो उसका मल हाथ या मुंह से साफ करता है — उस समय वह शूद्र होती है; फिर भोजन की व्यवस्था करती है — उस समय वैश्य; फिर समाज से रक्षा करती है — उस समय क्षत्रिय; आखिर में ज्ञान देकर छोड़ देती है — उस समय ब्राह्मण। वैसे ही जो जीवन जीने की शुरुआत करता है — ज्ञान से ब्राह्मण, अपनी रक्षा करता है तो क्षत्रिय, भोजन की व्यवस्था करता है तो वैश्य, अपने मल-मूत्र को साफ करता है तो शूद्र। चार वर्ण प्राकृतिक हैं, पूरा सिस्टमैटिक है, पृथ्वी के हर जीव में चार वर्ण हैं। चार वर्ण आप अपने लिए तो अपना रहे हो; अगर समाज के लिए अपनाने लगो — किसी को सत मार्ग बताने लगो, किसी की रक्षा करने लगो, ईमानदारी से व्यापार करने लगो, लोगों की सेवक बनकर सेवा करने लगो — तो मुक्ति से मोक्ष तक पहुंच जाओगे। चार वर्ण अपनाकर ही मोक्ष पाया जा सकता है; एक भी पकड़ लिया तो भटकते रह जाओगे। महात्मा चारों अपना लेता है — ज्ञान देता है, रक्षा कैसे करो बताता है, ईमानदारी से व्यापार कैसे करो बताता है, सेवा कैसे करो बताता है — इसलिए महात्मा कहता है मुझे जात-पात से मतलब नहीं है। इस संसार में दो चीज जहर की तरह फैल रही हैं: एक — मात-पिता अपने बच्चों को सिखा के कहते हैं "बेटा बड़ा बनना", यह विष का घूंट पीढ़ी दर पीढ़ी बड़े प्यार से पिलाया जा रहा है; दूसरी — जात-पात की व्यवस्था, यह समाज में जहर है जो हमें राग-द्वेष में रखता है। आज वर्ण के हिसाब से देखो — ब्राह्मण कौन, जिसमें ज्ञान देने की क्षमता हो; क्षत्रिय कौन, जिसमें दूसरों की रक्षा करने की क्षमता हो; वैश्य कौन, जिसमें ईमानदारी से व्यापार करने की क्षमता हो; शूद्र कौन, जिसमें सेवा-भाव की क्षमता हो — चार तो छोड़ो, एक भी जल्दी मिल जाए तो समझ लेना। बचपन से हमारे अंदर यह एक परसेंट भी नहीं था — चाहे जिसके साथ बैठ के खा लेते थे।

P23-0111 · वीडियो देखें

गुरु जी, आपका कहना है कि जरूरत में जियो। लेकिन किसी परिवार में एक व्यक्ति यह बात समझ जाता है और बाकी सदस्य नहीं समझते, उनकी जरूरत ज्यादा है — मेरी क्षमता भी ज्यादा है, पर मैं जरूरत में रहना चाहता हूं, और परिवार उससे ज्यादा में रहना चाहता है, डिमांड करता है; मैं प्रमुख हूं तो उनकी जरूरत पूरी करना मेरा कर्तव्य बनता है — इसमें संघर्ष बना रहता है। तो उनके साथ कैसे बनाकर चलें?

कोई बात नहीं — आप समझते हैं, आप जरूरत में जिएं। फैमिली की उनकी अपेक्षा बनी रहे, तो जितनी उनकी जरूरत है, उतना कर दो, जिस लायक आप हो। फैमिली का मतलब क्या है? एक-दूसरे की भावनाओं को समझना — या एक-दूसरे को गिराने के लिए मजबूर करना? उनके हिसाब से नहीं, आपके हिसाब से भी नहीं — उचित हिसाब से। जो तुमसे बेईमानी करवाए, ऐसे लोगों को छोड़ दो। जरूरत से ज्यादा जियोगे तो बेईमानी करनी पड़ेगी ना। वे डिमांड करते हैं तो मत करो ना — बोलो भैया, तुम कर लो; या तो करके दो। फिर परिवार ही कैसा जो हमें ना समझे, हमें कुछ करने के लिए मजबूर करे, विवश करे? त्याग ही परम सुख है — ऐसे लोगों का त्याग कर दो जो आपको ना समझें; और समझते हैं फिर भी नहीं कर रहे, तब तो और गलत हो गए। जितना आप कर सकते हो, उतना करो; अगर परिवार ज्यादा अपेक्षा रखता है तो उनसे कह दो — हमारी जितनी सामर्थ्य थी, हमने आपके लिए कर दिया; अब हम आपके लिए बेईमानी नहीं करेंगे, आपके लिए अपने आप को गिराएंगे नहीं। उनकी पूर्ति के लिए अपने आप को गिराओ मत। और एक बाप तो यही उम्मीद करेगा कि मेरे बच्चे सेट हो जाएं — तो उन्हें सत्संग सुनाओ, कभी यहां लाओ, धीरे-धीरे उनको समझ में आएगा।

P23-0112 · वीडियो देखें

गुरु जी, नाम जाप करना चाहिए या हमेशा निर्विचार रहें?

ईमानदारी से सत्कर्म करो। निर्विचार तो हुआ ही नहीं जा सकता — अब निर्विचार होने के लिए लोग प्रयास कर रहे हैं, और नाम के गुरु करवा रहे हैं। निर्विचार मतलब विचार से मुक्त — निर्विकार तो हुआ जा सकता है, निर्विचार नहीं।

P23-0113 · वीडियो देखें

गुरु जी, जिस जगह पर सिर्फ मांस-मछली ही खाना होता है, उनको पाप नहीं लगता?

वो जानें, उनका काम जाने — हम कौन होते हैं फैसला करने वाले? किसी के बारे में क्यों फैसला करें कि किसको क्या होता है? मुझे यह फैसला करना है कि मेरा कल्याण कैसे होगा, और जो लोग मेरे पास आ रहे हैं, उनके लिए सत मार्ग बताना कि उनका कल्याण कैसे होगा — बस बात खत्म। कौन क्या कर रहा है, उसका परिणाम वो भोगेगा, मुझसे क्या मतलब।

P23-0114 · वीडियो देखें

गुरु जी, परमपिता परमेश्वर जीते-जी कैसे मिल सकते हैं?

उम्मीद छोड़ो पहले। उम्मीद ही दुख है, उम्मीद ही सुख है — उम्मीद आपके तरीके से पूरी हो गई तो सुख, नहीं हुई तो दुख। तो उम्मीद छोड़ दो, तब आप अपने आप में होंगे।

P23-0115 · वीडियो देखें

गुरु जी, जो अपने आप में रह पाते होंगे, उनको विचार नहीं आते होंगे? क्या विचार पूर्ण रूप से रोके जा सकते हैं?

जब तक यह जीवन है, तब तक विचार आते ही रहेंगे। जो उस परम स्थिति पर रहे, उनको भी विचार आए — तभी तो अपने लिए भोजन मांगे; भूख लगी, पता चला ना; आराम भी किए, नींद का विचार आया। विचारों से मुक्त नहीं हुआ जा सकता। विचार आते हैं, जाते हैं, कम-ज्यादा होते रहते हैं — जरूरत में आते हैं। लेकिन आप क्यों रोकना चाहते हो? मुझे यही नहीं समझ में आता — जैसे कोई पीछे पड़ जाए कि मेरे सिर पे बाल ना उगें ऐसा उपाय बताओ। ये अपने आप देश-काल-स्थिति-परिस्थिति में आते हैं, जाते हैं; इसे रोकना चाहकर आप अपने आप को भी परेशान कर रहे हो और सबको परेशान कर रहे हो।

P23-0116 · वीडियो देखें

गुरु जी, जैसे आंख बंद करके बैठते हैं, तो क्या इसको ध्यान नहीं बोला जा सकता? शुरुआती दौर में लोग मूर्ति का या मंत्र का सहारा लेते हैं, लेकिन एक स्थिति होती है जब किसी का सहारा नहीं लिया जाता, अपने आप में रहना होता है — उसको ध्यान बोलना ठीक नहीं रहेगा?

आंख बंद करके बैठ गया तो ध्यान हो गया? आंख खोल के बैठूं चाहे बंद करके — इसको ध्यान थोड़ी कहते हैं। ध्यान तो "चाहिए" में घट रहा है। ध्यान रखना — ध्यान में दो होते हैं: एक देखने वाला, और कोई सामने। तो "कुछ नहीं चाहिए" की स्थिति में ध्यान की आवश्यकता भी नहीं है — उसी में तो आप हो। ध्यान से मुक्त होना है; ध्यान ही आपके भटकाव का कारण है। सबसे ज्यादा अगर आप परेशान हो तो ध्यान से, एक आदत डाल दी गई है — ध्यान, ध्यान, ध्यान। किताबें पढ़ने से भी परेशानी हुई है — समाधि होती है, उसमें कोई विचार नहीं होते, सविकल्प-निर्विकल्प, सहज समाधि — सब किताबों ने भ्रमित कर दिया, पढ़-पढ़ के सब परेशान हो गए; कितनी ध्यान की विधियां बांट दीं।

P23-0117 · वीडियो देखें

गुरु जी, आप कहते हैं कुछ नहीं चाहिए में आ जाएं — तो जीवन कैसे कटेगा? आम तौर पर तो शरीर और मन की जरूरत पूरी करते-करते जीवन कट जाता है, बड़े दुख मिलते हैं।

आपने जरूरत में जीना चालू किया — सिर्फ जरूरत में — तो वह "कुछ नहीं चाहिए" ही है। आप यह बात क्यों नहीं समझ रहे? जरूरत में जीना चालू कर दिया, सिर्फ जरूरत में, तो वही कुछ नहीं चाहिए है — उसी में तो आप होते हो, उसी में तो आना है, उसी में ज्ञान है।

P23-0118 · वीडियो देखें

गुरु जी, कल आप बोल रहे थे कि एक दिशा में योगी (खोजी) चलता है — तो वह दिशा कौन सी है?

खोज जहां ले जाए। दस दिशाएं हैं — खोजी उस दिशा में चलता है जहां खोज लेकर जाए; कुछ बोल नहीं सकते, हो सकता है जहां जा रहा था वहां से कहीं और चला जाए। आखिरी में खोज भी खत्म हो जाती है — वहीं पर खोजी मरता है। जब खोज खत्म होगी तो खोजी भी खत्म हो जाएगा, बस बात खत्म। अनुभव करते-करते अनुभव करता बचता है; अनुभव करने के लिए जब कुछ नहीं रहता, तो करता भी खत्म हो जाता है। पानी से बर्फ बना, बर्फ के हर कण में पानी मौजूद है; बर्फ से पानी नहीं हुआ — बर्फ मिट गया, पानी तो पहले से मौजूद था, बर्फ एक भ्रम था, वो हट गया। वैसे ही आत्मा से जीव हुआ, लेकिन जीव आत्मा नहीं होगा — जीव का नाश हो जाएगा, शेष आत्मा बचेगी। जीव नाम उसी का है जिसमें इच्छा है।

P23-0119 · वीडियो देखें

गुरु जी, जीव अपने नाश होने से भी डरता है और ब्रह्म से मिलना भी चाहता है — दोनों करना चाहता है। तो क्या जीव का नाश गुरु के सानिध्य में हो जाता है?

रहेगा तो पक्का मिट जाएगा — मेन बात रहना है, और सबसे कठिन है गुरु के पास रहना। अगर पक्का उपलब्धि चाहिए तो और कोई रास्ता नहीं — उसकी शरण में, सानिध्य में जीना ही पड़ेगा, रहना पड़ेगा। लेकिन उसकी शरण में रहना सबसे कठिन है, क्योंकि वह आपका अस्तित्व मिटा देगा। कोई अकेले अपनी इच्छा से, प्रयास से चाहे तो नहीं होगा। जैसे संसार में कोई मादा योग्य है, कोई नर भी योग्य है, लेकिन दोनों ना मिलें तो वह सोचे कि मैं मां बन जाऊंगी — ऐसा हो ही नहीं सकता; मादा को नर का, नर को मादा का सहारा लेना पड़ेगा। वैसे ही इस भवसागर से मुक्त होने के लिए आपको गुरु का सहारा तो लेना ही पड़ेगा।

P23-0120 · वीडियो देखें

गुरु जी, मैं तो नाम जाप करता हूं ताकि प्रेम मिले, क्योंकि सुना है नाम जाप से प्रेम मिलता है — पर अभी तक तो कुछ मिला नहीं।

तुम ही पक्का कर रहे हो, तुम ही कर रहे हो कि मिला नहीं — क्या बताएं? इसलिए ईमानदारी-सत्कर्म करो, तुरंत आपको एहसास भी होने लगेगा — तुरंत मतलब तुरंत, यह मैंने फील किया है। आप कभी किसी के लिए बिना मतलब का करके तो देखो।

P23-0121 · वीडियो देखें

गुरु जी, बुद्ध और महावीर के तो कोई गुरु नहीं थे — फिर गुरु क्यों जरूरी है?

बुद्ध-महावीर के अनेकों गुरु थे। ऐसे ही जीवन में बहुत गुरु होते हैं — अगर आप गिनना भी चाहें तो नहीं गिन सकते। जैसे मां एक है, लेकिन मां की तरह बहुत लोगों ने आपको भोजन कराया होगा, आपको याद नहीं है — वैसे ही जीवन में बहुत गुरु होते हैं।

P23-0122 · वीडियो देखें