प्रश्नोत्तर P1-0176 · भाग 1
यह भी देखा गया है कि जो हमसे कमजोर होते हैं, उन्हें हम नहीं जांचते। (आपके सत्संग से समझ आया कि मुझे अपनी जरूरत देखनी चाहिए, दूसरों से तुलना में ऊर्जा बर्बाद नहीं करनी चाहिए।)
जो खिला नहीं पाएगा, उसके बारे में हम थोड़ी सोचेंगे कि वह पूछ ले; वह तो हमारी श्रेणी का है — भाई, तू भी इंतजार कर। जांचते उसे हैं जिससे उम्मीद होती है। आप एक दिन के भूखे हो और दो दिन का भूखा मिल गया, तो उससे तो पीछा छुड़ाओगे। जब भी आप किसी को जांच रहे हो, इसका मतलब आपमें कोई कमी है, आप उसे पूरा करना चाहते हो और उस व्यक्ति की तलाश में हो।
बिना टिकट ट्रेन में चढ़ जाओ, तो हर सफेद-काले कपड़े वाला टीटी ही दिखता है; हर चढ़ने वाले को देखता है कि टीटी तो नहीं आ गया, और अगला स्टेशन आते ही उतर जाता है, भले वह टीटी न हो — क्योंकि उसकी कमी है, टिकट नहीं है। तो जब भी हम किसी को जांच रहे हैं, इसका मतलब मैं कुछ ढूंढ रहा हूं। अपने आप को सामर्थ्यवान बनाओ।
जब से कुटिया बनाई है, मैं नहीं देखता कि कोई भोजन पूछेगा या नहीं; सोचता हूं कि कोई भूखा है तो मैं खिलाऊं। हर आने वाले से पूछता हूं; मेरा सबसे कहना है कि कोई भी आए, पहले उसे भोजन दो, पूछो — क्योंकि मैं भुक्तभोगी हूं। एक बार मैं और महाराष्ट्र के एक बाबा जी पहाड़ों में लगभग 20 किलोमीटर चलकर ठंड के महीने में एक गांव पहुंचे। उस गांव का नियम था कि भोजन मांगोगे तो बनाएंगे, और हम मांगने वाले नहीं थे। बाबा कुछ बिस्किट लाए — बिस्किट से पेट भरता है? रात करीब 9 बजे एक महिला आई — बाबा जी, भोजन किए हैं? उम्मीद की किरण फूटी। कहा, नहीं किए माता जी। बोली, बोले होते तो बना देते; ठीक है, आराम करिए। दोबारा भी यही हुआ। अब सोचिए उस समय क्या बीती होगी। अगले दिन रास्ते में कोई मिला तो बोला मेरा हाथ देखो। बहुत किलोमीटर चले; दोपहर बाद ऐसी स्थिति हो गई कि एक कदम नहीं चल सकते थे, शरीर ने साथ छोड़ दिया। नर्मदा किनारे जाकर लेट गया, पानी पिया, स्नान किया। पास के बंद आश्रम में थोड़े चावल, लटका पपीता, हल्दी-नमक मिला, तो खिचड़ी बनाकर खाई। आज हंसी आ रही है, पर सोचो उस समय क्या हुआ होगा।
तो जब भी आप किसी को जांचते हो, इसका मतलब आपके अंदर कोई कमी है और लग रहा है कि यह पूरा कर देगा, इस उम्मीद में जांच रहे हो। अब यह देखना है कि वह सच में आपकी कमी है, या बस मान के चक्कर में बनाई हुई कमी है।
सत्संग वीडियो देखेंऐप में खोलें
वीडियो: मेरा कर्ता भाव से कैसे मुक्त हो ? · 2026-10-11