आध्यात्मिक प्रत्यक्ष ज्ञान

प्रश्नोत्तर P23-0165 · भाग 23

गुरु जी, अपनों की कुटिया से जाने के बाद साधक की घर में दिनचर्या कैसी होनी चाहिए, और लोगों से व्यवहार कैसा हो?

जीवन में कहीं भी रहें, इतना ध्यान रखना है — सर्वप्रथम ईमानदारी और सत्कर्म, चाहे जहां भी रहें; यह तो कर्म में हो गया। अब अपनी जरूरत में जिएं। भोजन में विशेष ध्यान रखें: एक बार लेना है — न तो छोड़ना है, न तो मांगना है, यह पक्का कर लें। धीरे-धीरे भोजन के प्रति जो आसक्ति है, ज्यादा खाने की, टूट पड़ने की, वह कम हो जाएगी। अगर कभी छोड़ना पड़ जाए, तो फिर एक दिन का उपवास रखना है। यहां मानसिक मेहनत होती है, इसलिए भोजन कम दिया जाता है; लेकिन अगर आप घर पर शारीरिक मेहनत करते हैं तो उस हिसाब से दो टाइम भोजन रखना — पर नियम पक्का रखना कि एक बार लेना है, न छोड़ना है, न मांगना है। जिस तरीके से आप यहां रह रहे हो, अगर उस तरीके से जाकर जीने लगे, तो जहां भी रहोगे, आप मुक्ति से मोक्ष तक अपने आप को पहुंचा लोगे; फिर किसी की जरूरत आपको नहीं पड़ेगी। भोग और भोजन में ही तो हम लिप्त हैं। लोगों से बस जरूरत में बातचीत — काम से काम। अनावश्यक बातें मत करो; जिन बातों का कोई मतलब ही नहीं है, वह मत करो। कभी अपनी जरूरत, कभी किसी और की जरूरत — ऐसा नहीं कि अपनी जरूरत के लिए तो बात करूंगा, तुम्हारी जरूरत के लिए नहीं। सर्वप्रथम मानवता को रखना: आपको जरूरत नहीं, उसको जरूरत है और आपको पता है, तो उसे सत मार्ग बता दीजिए; नहीं पता तो सीधा बोल दो कि हमें नहीं पता। मानवता का मतलब जरूरतमंद की सेवा करना — धन से, तन से, ज्ञान से — जिस लायक आप हो, जितना आपका अधिकार है। अधिकार से ज्यादा कभी काम मत करना, नहीं तो बाद में पछताओगे; जितनी आपकी सामर्थ्य, जितनी योग्यता है, उतना। गांव में, घर में आपकी कोई बात नहीं सुनता और चौराहे पर बैठकर केंद्र की, दुनिया की बातें करते हो — अपना स्तर तो देख लो कि आप किस स्तर पर बात कर रहे हो, और क्या सच में आपकी बातों का कोई परिणाम भी आएगा? परिणाम आ रहा है तो बात करिए, नहीं तो छोड़ दीजिए। और एक बात कहूंगा — 12 महीने होते हैं; 11 महीने समाज को, परिवार को देना, लेकिन कम से कम एक महीना अपने जीवन का अपने आप को देना। एक महीना एकांतवास में गुजारो, कहीं भी — उस एक महीने में आप रहो, कोई दूसरा न रहे; मोबाइल बंद, किसी से बातचीत, लेनदेन कुछ नहीं।

सत्संग वीडियो देखेंऐप में खोलें

वीडियो: साधक की दिनचर्या क्या होनी चाहिए ? / दिनचर्या साधक की #livesatsang · 2025-03-12